होम कोरोना से जंग में एक्शन में दिखे असम के मुख्यमंत्री, अधिकारियों को दिए ऐसे निर्देश
कोरोना से जंग में एक्शन में दिखे असम के मुख्यमंत्री, अधिकारियों को दिए ऐसे निर्देश
बिश्वनाथ जिले के चाय बागानों में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने समीक्षा की और जिला प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए। जिला उपायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में सोनोवाल ने जिले के शीर्ष अधिकारियों के साथ पूरी स्थिति की समीक्षा की।
इसके अलावा उन्होंने माजुली के गड़मुरी स्थित पीतांबर देव गोस्वामी महमका नागरिक चिकित्सालय का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने माजुली जिला उपायुक्त कार्यालय में भी समीक्षा बैठक कर जिले की स्थिति की जानकारी ली। बिश्वनाथ जिला उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में सोनोवाल ने जिले के चाय बागानों के मजदूरों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग की सुनिश्चित करने सहित स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न दिशा-निर्देशों को लागू करने की जरूरत पर बल दिया। जिले के नौ हजार लघु चाय किसान लॉकडाउन के दौरान अपनी कच्ची पत्तियां आसानी से कारखाने तक ले जा सकें, उन्होंने प्रशासन से यह भी सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने अपने अधिकारियों से कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार असम में भी लॉकडाउन 2 का कड़ाई से पालन किया जाए।
इसके लिए राज्य सरकार द्वारा सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। इस दौरान किसान स्वास्थ्य संबंधी निर्देश का पालन करते हुए अपना कृषि कार्य कर सके, इसके लिए भी सरकार ने समुचित आदेश दिए हैं। जिले के किसानों को किसी भी प्रकार की कृषि सामग्री अथवा मशीनरी कि किल्लत का सामना न करना पड़े, इसके लिए उन्होंने जिला कृषि विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला उपायुक्त को लॉकडाउन के दौरान जिले में उत्पन्न होने वाली किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए जिले के प्रभारी मंत्री, सांसद और विधायकों के साथ नियमित रूप से बैठकें करने को कहा है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।