होम कोरोना को लेकर दिल्ली सतर्क, सभी मॉल बंद करने का आदेश
कोरोना को लेकर दिल्ली सतर्क, सभी मॉल बंद करने का आदेश
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. दिल्ली में सभी शॉपिंग मॉल को बंद करने का फैसला किया गया है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर इसका ऐलान किया. इस दौरान मॉल में सब्जी, मेडिकल स्टोर और किराना की दुकानें खुलीं रहेंगी. ऐसे में किसी भी व्यक्ति को पैनिक होने की जरूरत नहीं है और एकदम से सामान स्टोर करने की जरूरत नहीं है.
सरकार के गैर-जरूरी दफ्तरों को बंद रखने का आदेश
दिल्ली में मॉल के अलावा सरकार के अंतर्गत आने वाले गैर-जरूरी दफ्तर और सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं. ये फैसला 31 मार्च तक लागू रहेगा. सरकार के सिर्फ उन मंत्रालयों को खुला रखा जाएगा, जिन्हें सीधे रूप से जनता को डील करना है. साथ ही जिन कर्मचारियों की उम्र 55 से ऊपर है, वह घर से काम कर सकते हैं.
अगर कोई कर्मचारी गैरजरूरी कैटेगरी में आता है, तो उसे भी घर से काम करने की सलाह दी गई है. इस दौरान सभी परमानेंट, ठेका कर्मचारियों को सैलरी मिलती रहेगी.
महाराष्ट्र में भी लिया गया है ऐसा फैसला
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार का ये फैसला महाराष्ट्र के एकदम बाद आया है. महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को ही मुंबई, नागपुर समेत कुल चार शहरों में सभी दफ्तरों को बंद करने का आदेश दिया है. हालांकि, इन शहरों में भी सब्जी, मेडिकल स्टोर, किराना की दुकानें खुली रहेंगी. ऐसे में लोगों को वहां पर भी जरूरी सामान के लिए पैनिक होने की जरूरत नहीं है.
बता दें कि पिछले 48 घंटों में देश में कोरोना वायरस के मामलों में जबरदस्त उछाल आया है. शुक्रवार को ही लखनऊ से चार, महाराष्ट्र से तीन, गुजरात से तीन, पंजाब से तीन मामले सामने आए हैं. देश में अबतक कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 210 के करीब पहुंच गई है. जबकि चार लोगों की मौत अबतक हो चुकी है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।