होम बजट सत्र से पहले राजनीतिक दलों के साथ बैठक करेंगे ओम बिरला और वैंकेया नायडू
बजट सत्र से पहले राजनीतिक दलों के साथ बैठक करेंगे ओम बिरला और वैंकेया नायडू
नई दिल्ली. संसद के बजट सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) ने 30 जनवरी को विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक बुलाई है जबकि राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू (M Venkaiah Naidu) ने 31 जनवरी को अपने आवास पर राजनीतिक दलों की बैठक बुलाई है.
सरकार ने भी 30 जनवरी को सुबह सभी राजनीतिक दलों की बैठक बुलाई है. सूत्रों ने बताया कि इन बैठकों का उद्देश्य संसद के आगामी सत्र के दौरान सदन में कामकाज सुचारू रूप से संपन्न कराना है. राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने उच्च सदन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को बैठक के लिये आमंत्रित किया है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी ऐसी ही बैठक बुलाई है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला निचले सदन में सभी दलों के नेताओं के साथ 30 जनवरी को शाम साढ़े छह बजे बैठक करेंगे. वहीं नायडू ने 31 अगस्त को शाम साढ़े चार बजे उपराष्ट्रपति भवन में सभी दलों के नेताओं संग बैठक करेंगे.
सदन में ये मुद्दे उठा सकता है विपक्ष गौरतलब है कि पिछले दो सत्रों के दौरान राज्यसभा में कामकाज की उत्पादकता शत प्रतिशत रही. हालांकि, संसद का बजट सत्र इस बार हंगामेदार रहने की संभावना है जहां विपक्ष संशोधित नागरिकता कानून के अलावा एनपीआर और एनआरसी के मुद्दे को जोरदार ढंग से उठा सकता है. इसके अलावा अर्थव्यवस्था सहित कई अन्य मुद्दे भी उठाये जा सकते हैं.
उल्लेखनीय है कि संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा और उस दिन संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संबोधित करेंगे. सत्र 11 फरवरी तक चलेगा. इसके बाद एक अंतराल के बाद इसका दूसरा हिस्सा 2 मार्च से शुरू होकर 3 अप्रैल तक चलेगा.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।