होम यूपी चुनाव 2022: बसपा व भाजपा के कई नेता सपा में हुए शामिल
यूपी चुनाव 2022: बसपा व भाजपा के कई नेता सपा में हुए शामिल
यूपी चुनाव के नजदीक आने के साथ ही समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। रविवार को पूर्व सांसद तथा बसपा के राष्ट्रीय महासचिव वीर सिंह एडवोकेट (मुरादाबाद), पूर्व विधायक अजीम भाई (फिरोजाबाद) तथा प्रमुख समाजसेवी एवं (भाजपा) के युवा क्षेत्रीय मंत्री विनोद मिश्र (जौनपुर) ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन सभी का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इनसे समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी।
इस पर पलटवार करते हुए मायावती ने कहा कि दूसरी पार्टियों के स्वार्थी, टिकटार्थी व निष्कासित लोगों को सपा में शामिल कराने से इनकी पार्टी का कुनबा व जनाधार आदि बढ़ने वाला नहीं है। यह केवल खुद को झूठी तसल्ली देने व अपनी पार्टी से संभावित भगदड़ को रोकने की कोशिश के अलावा और कुछ नहीं, जनता यह सब खूब समझती है।
अगर सपा दूसरी पार्टियों के ऐसे लोगों को पार्टी में लेगी तो निश्चय ही टिकट की लाइन में खड़े इनके बहुत से लोग भी दूसरी पार्टियों में जाने की राह जरूर तलाशेंगे, जिससे इनका कुनबा व पार्टी का जनाधार बढ़ने वाला नहीं बल्कि हानि ही ज्यादा होगी, किन्तु कुछ अपनी आदत से मजबूर होते हैं।
इसके अलावा, मीडिया द्वारा भी इन खबरों को जिस प्रकार से बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया जाता है उससे बसपा का महत्त्व कम होने के बजाय बढ़ ही रहा है कि जब इनके ऐसे लोगों का इतना महत्त्व है तो फिर यकीनन बसपा नेताओं व उम्मीदवारों आदि का पार्टी के बल पर जमीन पर कितना अधिक दम होगा।
बता दें कि बसपा यूपी में जनसमर्थन जुटाने के लिए प्रथम चरण के लिए ब्राह्मण सम्मेलन कर चुकी है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।