होम कांग्रेस, महबूबा और फारूक पर शाह का सीधा वार, अब नहीं चलेगी तीन परिवारों की दादागिरी
कांग्रेस, महबूबा और फारूक पर शाह का सीधा वार, अब नहीं चलेगी तीन परिवारों की दादागिरी
जम्मू-कश्मीर दौरे के दूसरे दिन जम्मू में गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा में कहा कि जम्मू-कश्मीर में विकास युग शुरू हो गया है। मैं जम्मू कश्मीर को आज ये कहने आया हूं कि जम्मू कश्मीर वालों के साथ अन्याय का समय खत्म हो चुका है। अब कोई आपके साथ अन्याय नहीं कर सकता। अब जम्मू कश्मीर का विकास होगा और ये प्रदेश, देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 और 35ए को खत्म किया: शाह
अमित शाह ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री मोदी ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए अनुच्छेद 370 और 35ए को खत्म किया। इससे जम्मू-कश्मीर के लाखों लोगों को अपने अधिकार प्राप्त हुए। अब भारतीय संविधान के सभी अधिकार यहां के सभी लोगों को मिल रहे हैं।
पहले जम्मू में सिखों, खत्रियों, महाजनों को भूमि खरीदने का अधिकार नहीं था: गृह मंत्री
गृह मंत्री ने कहा कि पहले जम्मू में सिखों, खत्रियों, महाजनों को भूमि खरीदने का अधिकार नहीं था। जो शरणार्थी वहां से यहां आए थे, उनके अधिकार नहीं थे, वाल्मीकि, गुर्जर भाइयों के अधिकार नहीं थे। भारत के संविधान के सभी अधिकार अब मेरे इन भाइयों को मिलने वाले हैं।
जम्मू-कश्मीर में अब सात नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना हो चुकी है: शाह
अमित शाह ने कहा कि एक जमाना था कि जम्मू-कश्मीर में कहने को पांच मगर चार ही मेडिकल कॉलेज थे। आज मैं आपको बताने आया हूं कि जम्मू-कश्मीर में अब सात नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना हो चुकी है। पहले 500 विद्यार्थी यहां से MBBS कर सकते थे, अब लगभग 2,000 विद्यार्थी यहां MBBS कर पाएंगे।
'कल ये तीन परिवार वाले मुझसे सवाल पूछ रहे थे कि क्या देकर जाओगे?'
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कल ये तीन परिवार वाले मुझसे सवाल पूछ रहे थे कि क्या देकर जाओगे? भाई मैं तो हिसाब लेकर आया हूं कि क्या देकर जाऊंगा। मगर 70 साल तीन परिवार वालों ने जम्मू-कश्मीर में राज किया, आपने क्या दिया इसका हिसाब लेकर आओ। आज जम्मू-कश्मीर हिसाब मांग रहा है।
जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए 55,000 करोड़ रुपये का पैकेज दिया: शाह
अमित शाह ने कहा कि मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए 55,000 करोड़ रुपये का पैकेज दिया था। आज 55,000 करोड़ रुपये के पैकेज में से 33,000 करोड़ रुपये खर्च हो चुका है, विकास की 21 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं।
अब यहां 3 परिवारों की दादागिरी नहीं चलेगी: अमित शाह
जम्मू कश्मीर में आज हर गांव में ग्राम पंचायत बनी है, हर तहसील के अंदर तहसील पंचायत बनी है, हर जिले के अंदर जिला पंचायत है। अब यहां 3 परिवारों की दादागिरी नहीं चलेगी। यहां का पंच-सरपंच भी अब आगे चलकर भारत सरकार में मंत्री बन सकता है, जम्मू कश्मीर का मुख्यमंत्री बन सकता है।
मोदी सरकार के आने के बाद ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान हुआ पूरा: शाह
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि बारिश के चलते जम्मू के लोगों से नहीं मिलने की चिंता थी लेकिन वैष्णो माता की कृपा से संभाग के लोगों से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान पूरा हुआ। जम्मू वाले विकास के साथ खड़े हैं। इस दौरान उन्होंने उज्ज्वला योजना, घर-घर बिजली पहुंचाने और नल से जल योजना का जिक्र किया।
केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद आज पहली बार गृहमंत्री अमित शाह की जम्मू में पहली बार जनसभा हो रही है। रविवार सुबह से मौसम साफ होने के बाद कार्यकर्ताओं और लोगों के कार्यक्रम स्थल में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। भवगती नगर चौथे पुल से लेकर कार्यक्रम स्थल तक लगातार चेकिंग की जा रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।