होम Raksha Bandhan पर CM योगी का बड़ा संदेश, बोले- बेटियों के सपनों को पंख दे रही Double Engine सरकार
रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया। शुक्रवार को 'बिटिया और बहना-यूपी का गहना' स्नेहबंधन कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में करीब 15 करोड़ राखियां बंध रही हैं और इनमें से बड़ी संख्या में राखियां स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार की गई हैं। उनके मुताबिक, राखी की खरीद से जुड़ा पैसा कारीगरों तक पहुंचता है और फिर बाजार में वापस आता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और विकास को गति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धा और सम्मान से विश्वास पैदा होता है, विश्वास आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करता है और आत्मनिर्भर समाज ही विकास को तेज गति देता है। इसी सोच के साथ प्रदेश में मिशन शक्ति चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अब बेटियां भयमुक्त वातावरण में स्कूल जा रही हैं और शिक्षा से लेकर रोजगार तक अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल के शुरुआती दिनों का एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक दौरे के दौरान उन्होंने गरीब परिवार की कुछ बच्चियों को बिना जूते और यूनिफॉर्म के स्कूल जाते देखा था, जबकि उनके भाइयों के पास जूते और यूनिफॉर्म मौजूद थे। इस स्थिति को देखकर उन्होंने बेटियों को जरूरी शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का फैसला किया।
इसके तहत बेटियों को दो यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, किताबें, जूते-मोजे और सर्दियों में स्वेटर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। बाद में इस सुविधा का विस्तार जरूरतमंद बच्चों तक किया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश में करीब 1.60 करोड़ बच्चों को हर साल दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते-मोजे और स्वेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सीएम योगी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बड़ी संख्या में बेटियों की पढ़ाई आठवीं कक्षा के बाद छूट जाती थी। इसे देखते हुए सरकार ने इन विद्यालयों को 12वीं कक्षा तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 825 विकासखंडों में विद्यालयों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा अटल आवासीय विद्यालयों में भी बेटियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पांडे के नाम पर संचालित देश के पहले सैनिक स्कूल में वर्ष 2018 से बेटियों को प्रवेश देने की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि अब देश के सभी सैनिक स्कूलों में बेटियों के लिए प्रवेश का रास्ता खुल चुका है।
सीएम योगी के मुताबिक सरकार का प्रयास है कि बेटियों को ऐसा वातावरण मिले, जहां वे अपनी क्षमता और प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ सकें और जीवन के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की रोजगार में बढ़ती भागीदारी का आंकड़ा भी साझा किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद करीब 75 वर्षों तक केवल 12 प्रतिशत महिलाएं नौकरी या रोजगार से जुड़ी थीं, लेकिन अब यह आंकड़ा 36 प्रतिशत से अधिक हो गया है।
उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़े शहरों में निःशुल्क छात्रावास बनाने की पहल भी आगे बढ़ाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बेटियां नाइट शिफ्ट में काम करने को लेकर भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। उनके अनुसार, यह बदलते उत्तर प्रदेश और महिला सशक्तीकरण की बड़ी तस्वीर है।
रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 27, 28 और 29 अगस्त को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और नगरीय बस सेवाओं में महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है।
इस सुविधा के तहत कोई भी बेटी, बहन या माता अपने साथ एक सहयात्री के साथ इन तीन दिनों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकती है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की हर माता को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है।
सीएम योगी ने कहा कि आज ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां बेटियां आगे नहीं बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी केवल कानून का पालन करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वे कानून बनाने वाली संस्थाओं में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी पहले से ही है और आने वाले समय में विधानसभा तथा लोकसभा में भी महिलाओं की भूमिका और मजबूत होने की उम्मीद है।
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सभी बेटियों, बहनों और माताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार पूरी मजबूती के साथ बेटियों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बेटियों से मेहनत और परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटियां अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ें और उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दें।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।