होम आजम का किला ढहाने की कोशिश में BJP
आजम का किला ढहाने की कोशिश में BJP
अपने राजनीतिक जीवन के कठिन दौर से गुजर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां का आखिरी किला ढहाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनके सबसे मजबूत वोट बैंक यानी पसमांदा मुस्लिम मतदाताओं में सेंध लगाने की भरसक कोशिश कर रही है। सत्तारूढ़ भाजपा पसमांदा मुसलमानों को सरकारी योजनाओं का लाभार्थी वर्ग मानकर राज्य में जगह-जगह सम्मेलन कर रही है। इसे भाजपा की व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है जिसका केंद्र इस वक्त रामपुर विधानसभा क्षेत्र बन चुका है। भड़काऊ भाषण देने के मामले में आजम खां को तीन साल की सजा सुनाये जाने के बाद उनकी सदस्यता समाप्त किए जाने के चलते इस सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। इसके तहत आगामी पांच दिसंबर को मतदान होगा।
आजम खां ने भोले-भाले मुस्लिम वर्ग को उलझा कर वोट लिया- राज्यमंत्री दानिश
राजनीतिक पार्टियों से मिले आंकड़ों के मुताबिक रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल तीन लाख 88 हजार मतदाता हैं। उनमें से करीब दो लाख 27 हजार यानी लगभग 60 प्रतिशत मुस्लिम हैं। इनमें से तकरीबन 80 हजार पठान, 18 हजार सैयद और 12 हजार तुर्क मतदाताओं को छोड़ दें तो बाकी एक लाख 17 हजार मतदाता पसमांदा यानी पिछड़े वर्ग के हैं। भाजपा इसी तबके को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है। उसकी इस कोशिश को इस बात से बल मिल रहा है कि मुसलमानों का यही तबका सरकारी योजनाओं का सबसे बड़ा लाभार्थी है। यह वर्ग कई पीढ़ियों से आजम खां का मतदाता भी रहा है। यूपी सरकार के एकमात्र मुस्लिम मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी कहते हैं कि, आजम खां ने रामपुर के भोले-भाले मुस्लिम वर्ग को अपने लच्छेदार भाषणों में उलझा कर उनके वोट हासिल किए लेकिन सक्षम होने के बावजूद उनका जीवन स्तर बेहतर करने के लिए कुछ भी नहीं किया। खुद भी पसमांदा समाज से आने वाले अंसारी इन दिनों रामपुर में डेरा डाले हुए हैं। रामपुर के पसमांदा मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में दौरे करके भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
आजम खां का तिलिस्म तोड़ने की हर संभव कोशिश कर रही भाजपा- अंसारी
उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि आजम खां ने मुसलमानों के बूते सफलता हासिल की और उसके बाद सिर्फ अपना स्वार्थ साधा। लेकिन अब यह तिलिस्म टूट चुका है। अंसारी ने कहा कि पसमांदा मुस्लिम यह जान गए हैं कि, उनका भला भाजपा की ही सरकार में हो रहा है। पसमांदा मुसलमान सरकार की योजनाओं का लाभार्थी वर्ग है और उसे बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का सबसे ज्यादा लाभ मिल रहा है। धीरे-धीरे उसके मन में भाजपा के प्रति भरोसा बढ़ रहा है। इस बार भाजपा पसमांदा मुसलमानों के सहारे रामपुर में कामयाबी का झंडा गाड़ेगी। रामपुर विधानसभा उपचुनाव में आजम खां का तिलिस्म तोड़ने की हर संभव कोशिश कर रही भाजपा ने पिछली 12 नवंबर को अल्पसंख्यक पसमांदा सम्मेलन आयोजित किया था। भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और रामपुर के पूर्व सांसद मुख्तार अब्बास नकवी को भी मुस्लिम मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए मैदान में उतारा है। वह पसमांदा मुसलमानों के बाहुल्य वाले क्षेत्रों में ‘खिचड़ी पंचायत' कर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि भाजपा की यह कोशिश कितनी कामयाब होगी इस पर पसमांदा मुस्लिम नेताओं की राय अलग-अलग है। जहां तक पसमांदा मतदाताओं का सवाल है तो वे किसे वोट देना है, इसे लेकर अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं।
आजम से नाराज मुस्लिम वर्ग ही उसे छोड़ेगा- अंजुम अली
पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय महासचिव अंजुम अली का कहना है कि, रामपुर विधानसभा उपचुनाव में पसमांदा मुसलमानों का वही वर्ग आजम का साथ छोड़ेगा जो उनसे बहुत नाराज है। इसके अलावा कुछ खास उलटफेर हो जाएगा, ऐसा नहीं लगता। उन्होंने कहा कि भाजपा भले ही पसमांदा मुसलमानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के दावे कर रही हो लेकिन यह सच्चाई नहीं है। दूसरी ओर, ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के प्रदेश अध्यक्ष वसीम राईन कहते हैं कि आजम खां ने पसमांदा मुसलमानों को नवाबों का डर दिखाते हुए उन्हें अपना वोट बैंक बनाया लेकिन जब सत्ता में आए तो उनके प्रति खुद ही नवाबों जैसा रवैया अख्तियार किया। मुस्लिम यादव समीकरण साध कर प्रदेश में चार बार सत्ता में रह चुकी सपा का सबसे ताकतवर मुस्लिम नेता होने के बावजूद आजम खां ने पसमांदा मुसलमानों के भले के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि सपा ने मुसलमानों की कुल आबादी में 85 प्रतिशत भागीदारी होने के बावजूद पसमांदा मुसलमानों को कभी महत्वपूर्ण पदों पर नहीं बैठाया। मुसलमान आमतौर पर भाजपा को वोट नहीं देते लेकिन इसके बावजूद उसने न सिर्फ सरकार में, बल्कि विभिन्न आयोगों और संस्थानों में पसमांदा मुसलमानों को वाजिब हक दिया है। यह स्वाभाविक है कि जो हमें हक देगा हम उसी का साथ देंगे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।