होम यूपी सरकार का एक्शन: ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो की 15 करोड़ की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर
यूपी सरकार का एक्शन: ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो की 15 करोड़ की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर
यूपी में माफियाओं पर सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। यूपी पुलिस के मोस्ट वांटेड और 2.50 लाख के इनामी अपराधी बदन सिंह बद्दो की करीब 15 करोड़ की प्रॉपर्टी पर पुलिस-प्रशासन और एमडीए ने गुरुवार सुबह टीपीनगर के जगन्नाथपुरी में बुलडोजर चला दिया। पार्क की जमीन पर कब्जा कर यहां बनाई गईं सात दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इस जमीन को कुर्क कर लिया गया। इसी पार्क के कुछ हिस्से पर अभी भी कब्जा है और इसे हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बदन सिंह बद्दो और उसके साथियों ने टीपीनगर थाने के पास जगन्नाथपुरी कॉलोनी में पार्क की जमीन पर करीब 20-25 साल पहले कब्जा कर लिया था। इसके बाद इस जमीन को बदन सिंह ने अपने साथियों के नाम करा दिया था। इस जमीन पर दुकानें बनाई गईं और कुछ अन्य निर्माण किया गया। पुलिस ने जब बदन सिंह की अवैध प्रॉपर्टी की छानबीन शुरू की तो इस जमीन के बारे में जानकारी मिली। छानबीन में पता चला कि तीन लोगों ने वर्तमान में इस जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट भेजकर शासन से कार्रवाई की अनुमति मांगी।
इसके एक हिस्से पर 15 मार्च 2022 को कार्रवाई करते हुए कुछ निर्माण कार्य ध्वस्त कराया, बाकी 176 वर्ग मीटर जमीन, जो अजय सहगल उर्फ सोनू सहगल के नाम पर है, उसके खिलाफ गुरुवार को कार्रवाई की गई। पुलिस-प्रशासन और एमडीए टीम गुरुवार सुबह करीब 11 बजे इस जमीन पर बुलडोजर लेकर पहुंची। यहां जमीन पर 176वर्ग मीटर क्षेत्र में बनी सात दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इन दुकानों की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।