होम शाहजहाँपुर में भव्यता के साथ मनाया गया 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस
शाहजहाँपुर में 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षागृह में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने फीता काटकर किया।
शाहजहाँपुर (आकाश सक्सेना)। शाहजहाँपुर में 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षागृह में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सहित जनपद के जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल, बसंत कुंज, लखनऊ से आयोजित ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है। वर्ष 2017 के बाद कानून व्यवस्था, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, एक्सप्रेसवे एवं एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं।
उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को विश्व का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बताते हुए इसे प्रदेश की वैश्विक पहचान का प्रतीक बताया। साथ ही उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा एवं सामूहिक विवाह योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से आम जनता को मिल रहे लाभों पर प्रकाश डाला।
एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश आकार एवं सामर्थ्य में कई देशों से बड़ा राज्य है। 2017 के बाद चिकित्सा, शिक्षा, बिजली, सड़क एवं कानून व्यवस्था के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।
उन्होंने बताया कि अन्न उत्पादन में शाहजहाँपुर जनपद अग्रणी है और प्रदेश की आर्थिक स्थिति निरंतर सुदृढ़ हो रही है।
महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। सड़क निर्माण एवं बुनियादी ढांचे के विकास से आवागमन में व्यापक सुधार हुआ है।
उन्होंने विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहभागिता, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन तथा बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को गृह प्रवेश की चाबियां, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति पत्र तथा शिक्षा, खेल, मत्स्य एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए गए।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक अवधेशराम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।