होम ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार, सांसद अरुण सागर ने VB-G RAM G योजना की बताईं खूबियां
तिलहर विधानसभा के बिलहारा गांव में विकसित भारत–रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण (VB-G RAM G) के तहत चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शाहजहांपुर। तिलहर विधानसभा के बिलहारा गांव में विकसित भारत–रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण (VB-G RAM G) के तहत चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कटरा विधानसभा के कपूरापुर और कपूरनगला गांवों में भी योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा सांसद अरुण सागर का पार्टी पदाधिकारियों और ग्रामवासियों ने जोरदार स्वागत किया। चौपाल को संबोधित करते हुए सांसद अरुण सागर ने कहा कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाते हुए अब 100 दिन के बजाय 125 दिन तक रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण (VB-G RAM G), मनरेगा से कहीं अधिक बेहतर और पारदर्शी योजना है। जब यह कानून बनाया जा रहा था, तब विपक्ष ने इसका जमकर विरोध किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा देश की जनता के हित में निर्णय लिए हैं।
सांसद ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण मजदूरी को बढ़ावा देना, आजीविका के साधन विकसित करना, जल संरचनाओं का निर्माण और ग्रामीण सड़कों का विकास करना है, ताकि लोगों को रोजगार के लिए गांव छोड़कर बाहर न जाना पड़े और गांव में रहकर ही उनकी आय बढ़ सके।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत यदि किसी कारणवश रोजगार नहीं मिलता है तो मजबूत बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है। सभी कार्यों में पारदर्शिता रखी जाएगी और मजदूरी का भुगतान डिजिटल उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से समय पर किया जाएगा। ग्राम पंचायत और ग्राम सभा यह तय करेंगी कि उनके गांव में कौन-कौन से विकास कार्य कराए जाएं।
सांसद अरुण सागर ने यह भी कहा कि सरकार ने इस योजना के लिए बजट में वृद्धि की है, जिससे ग्रामीण विकास को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अरुण यादव चैनू, मंडल अध्यक्ष प्रेमपाल चौहान, सजीव सक्सेना, झब्बू सिंह यादव, ब्रजेश वर्मा, मनमोहन सिंह, जय प्रकाश द्विवेदी, ग्राम प्रधान ब्रजमोहन कश्यप सहित बड़ी संख्या में सम्मानित ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।