होम UP में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर जल्द शुरू होगी बातचीत, राजेंद्र पाल गौतम बोले- कोई दिक्कत नहीं
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा होगी और इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर जल्द बातचीत शुरू होने वाली है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा होगी और इसका समाधान निकाल लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों पार्टियों की कोऑर्डिनेशन कमेटी बन चुकी है और कांग्रेस अपने हिस्से की सीटों को लेकर अध्ययन कर रही है।
इस कमेटी में प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद शामिल हैं। गौतम ने गठबंधन को लेकर किसी तरह की परेशानी से इनकार करते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।
राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि आज प्रस्तावित बैठक नहीं हो सकी, लेकिन अगले एक-दो दिनों में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक टलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बातचीत की शुरुआत कल ही हो गई थी। राहुल गांधी और अखिलेश यादव की मुलाकात के दौरान कुछ मुद्दों पर चर्चा हुई थी। अब उसी के आधार पर दोनों दल आगे की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे को लेकर कहीं कोई दिक्कत नहीं है और बातचीत के जरिए जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी राजेंद्र पाल गौतम ने चुनाव आयोग के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 19 लाख मतदाता कम हुए हैं और कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।
बीजेपी के मथुरा में आयोजित चिंतन शिविर को लेकर राजेंद्र पाल गौतम ने निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब जाने वाली है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि केशव मौर्य की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता, इसलिए वह ऐसी बातें कर रहे हैं।
गौतम ने आरोप लगाया कि बीजेपी को सरकार चलाना नहीं आता। पार्टी न तो युवाओं को रोजगार दे पा रही है और न ही बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करा रही है।
राजेंद्र पाल गौतम ने शिक्षा और सार्वजनिक उपक्रमों के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गांव-गांव में सरकारी स्कूल खोले थे, जबकि बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में 27 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने सैकड़ों सार्वजनिक उपक्रम (PSU) बनाए थे, जिन्हें बीजेपी ने बेच दिया।
गौतम ने आरोप लगाया कि बीजेपी को केवल संस्थानों को बेचना आता है, नए संस्थान बनाना नहीं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की दिशा और लगातार महंगी होती पढ़ाई पर चिंता जताते हुए आशंका व्यक्त की कि आने वाले समय में विश्वविद्यालयों को भी बेचा जा सकता है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।