होम Raj Thackeray Attack: राम मंदिर चढ़ावा चोरी से लेकर फडणवीस सरकार तक, राज ठाकरे ने बीजेपी पर साधा निशाना

समाचारराजनीतिप्रादेशिकी Alert Star Digital Team Jul 9, 2026 04:36 PM

Raj Thackeray Attack: राम मंदिर चढ़ावा चोरी से लेकर फडणवीस सरकार तक, राज ठाकरे ने बीजेपी पर साधा निशाना

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति, राम मंदिर में कथित दान चोरी, रेलवे भर्ती, मुंबई की बारिश और पेट्रोल में इथेनॉल जैसे कई मुद्दों पर केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार को घेरा।

Raj Thackeray Attack: राम मंदिर चढ़ावा चोरी से लेकर फडणवीस सरकार तक, राज ठाकरे ने बीजेपी पर साधा निशाना

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति, राम मंदिर में कथित दान चोरी, रेलवे भर्ती, मुंबई की बारिश और पेट्रोल में इथेनॉल जैसे कई मुद्दों पर केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अगर राम मंदिर में कथित चोरी किसी दूसरी पार्टी की सरकार के दौरान हुई होती तो बीजेपी और आरएसएस आंदोलन करते, लेकिन अब इसे राजनीति न करने की सलाह दी जा रही है।

'मिसिंग लिंक' मुद्दे पर फडणवीस सरकार पर उठाए सवाल

राज ठाकरे ने 'मिसिंग लिंक' मामले को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की टिप्पणी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "कल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने भाषण में कहा कि मिसिंग लिंक के मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए, लेकिन सवाल यह है कि अगर उनके कामकाज पर सवाल उठाए जाएं, तो उसे राजनीति क्यों कहा जाता है? इतने वर्षों तक जब विपक्ष सत्ता में था, तब आप क्या कर रहे थे? अगर विपक्ष सवाल पूछे, तो क्या वह राजनीति हो जाती है?"

उन्होंने आगे कहा, "अगर हम आपके काम का विरोध करें, तो मुख्यमंत्री यह आरोप क्यों लगाते हैं कि हम राजनीति कर रहे हैं? मिसिंग लिंक के मुद्दे पर बोलने से महाराष्ट्र का अपमान कैसे हो गया? हमारी सरकार को हिंदी की बड़ी चिंता है. मुख्यमंत्री का हिंदी में दिया गया भाषण महाराष्ट्र के विधायकों के लिए था या दिल्ली में बैठे शीर्ष नेताओं के लिए, यह देखना पड़ेगा. उन्होंने 'देख लूंगा' किसके लिए कहा?"

'महाराष्ट्र का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करूंगा'

राज ठाकरे ने कहा, "मुझे कुछ भी कहिए, लेकिन मैं महाराष्ट्र का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करूंगा. आज लोग मिसिंग लिंक पर बात कर रहे हैं, लेकिन महाराष्ट्र के मुद्दों पर कोई बात नहीं कर रहा. एक मंत्री कहते हैं कि मिसिंग लिंक की घटना प्राकृतिक है, इस पर राजनीति मत कीजिए. याद रखिए, कल आपकी सरकार नहीं रहेगी और ऐसी ही कोई घटना होगी, तो तब भी यही कहना कि यह प्राकृतिक घटना है और इस पर राजनीति मत कीजिए."

रेलवे भर्ती में मराठी युवाओं की भागीदारी का उठाया मुद्दा

एमएनएस प्रमुख ने वर्ष 2008 के रेलवे भर्ती आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि इसी आंदोलन ने पार्टी को नई पहचान दी। उन्होंने कहा, "साल 2008 में रेलवे भर्ती के मुद्दे पर आंदोलन हुआ था. उसी आंदोलन से पार्टी आगे बढ़ी और पार्टी को चुनाव चिन्ह के रूप में रेल इंजन मिला. मुझे तो सिर्फ ट्रेन में सफर करना आता है, बाकी तकनीकी बातें आप लोग जानते हैं, लेकिन वह आंदोलन कभी मत भूलिए. महाराष्ट्र की रेलवे में मराठी युवाओं की भागीदारी बढ़े, इसी उद्देश्य से वह आंदोलन किया गया था. रेलवे में काम करते समय कभी लापरवाही मत बरतिए. आंदोलन के दौरान मुझ पर 110 केस दर्ज हुए, मुझे गिरफ्तार किया गया और कई मनसे कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया."

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि महाराष्ट्र में रेलवे भर्ती की जानकारी स्थानीय अखबारों में क्यों प्रकाशित नहीं होती और उत्तर प्रदेश व बिहार के अखबारों में विज्ञापन क्यों दिए जाते हैं।

भाषा को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना

राज ठाकरे ने कहा, "बाद में फैसला आया कि रेलवे भर्ती परीक्षा स्थानीय मातृभाषा में भी दी जा सकती है. इसके बाद हजारों मराठी युवाओं को नौकरी मिली. आज उस बात को 19 साल हो गए हैं, लेकिन इसे कभी नहीं भूलना चाहिए. आज जब फोन उठाते हैं तो मराठी सुनाई देती है, यह मनसे के संघर्ष का परिणाम है. कोई भी भाषा खराब नहीं होती, लेकिन उसे हम पर थोपा नहीं जाना चाहिए. रेलवे स्टेशन और रेलवे भर्ती पर लगातार नजर रखनी चाहिए. प्लेटफॉर्म पर स्टॉल किसे दिए जा रहे हैं, कौन नौकरी कर रहा है? इस पर भी ध्यान देना चाहिए."

राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी पर बीजेपी और आरएसएस पर हमला

राम मंदिर में कथित दान चोरी के मामले का जिक्र करते हुए राज ठाकरे ने कहा, "राम मंदिर के मुद्दे पर कहा जाता है कि धर्म का अपमान हुआ. अगर 14 करोड़ रुपये की चोरी होती है, श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा से दिया गया धन चोरी हो जाता है, तो उस पर बात नहीं करनी चाहिए क्या? क्या यह देश धर्म विरोधी है? बीजेपी के एक सांसद ने कहा कि राम मंदिर में चोरी हुई, लेकिन बाकी किसी ने कुछ नहीं कहा. 15 ट्रस्टियों में से 12 की नियुक्ति केंद्र सरकार करती है और वे 12 लोग आरएसएस और बीजेपी से जुड़े हैं."

उन्होंने आगे कहा, "1400 करोड़ रुपये का आंकड़ा सामने आया है, लेकिन वास्तव में कितनी चोरी हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है. अगर किसी दूसरे दल की सरकार होती और यह चोरी होती, तो बीजेपी और आरएसएस क्या करते? आंदोलन करते, मोर्चे निकालते, लेकिन अब आपकी सरकार है, इसलिए कहा जाता है कि इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए."

मुंबई की बारिश और विकास मॉडल पर भी उठाए सवाल

मुंबई में बारिश के दौरान हालात का जिक्र करते हुए राज ठाकरे ने कहा, "साल 2005 में दो-तीन घंटे में लगभग 1000 मिमी बारिश हुई थी, तब भी मुंबई की यही हालत हुई थी. आज 300–400 मिमी बारिश में भी मुंबई की स्थिति वैसी ही बनी हुई है. क्या आपको मुंबई पर भरोसा नहीं रहा? अब वह भरोसा कहां गया? जब सब ठीक था, तब उसका आनंद लिया, लेकिन जैसे ही परेशानी आई, तो कहा जाने लगा कि दिक्कत हो रही है. विधानसभा में कहा जाता है कि इस मुद्दे पर राजनीति करोगे तो हम देख लेंगे. आप मुख्यमंत्री हैं. महाराष्ट्र की विधानसभा में हिंदी बोलने की क्या जरूरत है? शायद उन्हें अपने पार्टी के ऊपर के नेताओं को संदेश देना होगा."

उन्होंने सरकार से कुछ समय के लिए सभी निर्माण कार्य रोकने और विदेशी शहरों से बेहतर शहरी नियोजन सीखने की भी अपील की।

नितिन गडकरी और अमित साटम पर भी बोले राज ठाकरे

पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा, "सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इथेनॉल को पेट्रोल में मिलाने के फायदे बता रहे हैं, जबकि इस विषय पर पेट्रोलियम मंत्री को बोलना चाहिए. लेकिन वे इस पर कुछ नहीं कहते. किसका काम कौन कर रहा है, यह समझ में नहीं आता. जिसकी सरकार होगी, उससे सवाल पूछे जाएंगे. आज बीजेपी की सरकार है, इसलिए अगर गलती होगी तो हम जरूर बोलेंगे."

बीजेपी विधायक अमित साटम पर टिप्पणी करते हुए राज ठाकरे ने कहा, "कोई विधायक घटना होने पर हंसता है. यह संवेदनहीनता है, क्योंकि लोगों की जान की कोई कीमत नहीं समझी जा रही. उन्हें जनता की चिंता नहीं है. चर्चा इस बात की हो रही है कि विधायक, सांसद और नगरसेवकों को कैसे तोड़ा जाए और सत्ता कैसे बचाई जाए. जब मतदान का समय आता है, तब पहले हुई घटनाओं और कामकाज का भी हिसाब करना चाहिए."

उन्होंने अंत में कहा कि सत्ता में कोई भी दल हो, गलत होने पर उससे सवाल पूछे जाने चाहिए।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)