होम ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा, 20 जनवरी तक योगी सरकार के 18 मंत्री देंगे इस्तीफा
ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा, 20 जनवरी तक योगी सरकार के 18 मंत्री देंगे इस्तीफा
लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को दावा किया कि रोजाना राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार के एक-दो मंत्री इस्तीफा देंगे और 20 जनवरी तक यह आंकड़ा 18 तक पहुंच जाएगा। राजभर ने यहां श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और वन मंत्री दारा सिंह चौहान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए कहा, वर्ष 2017 में सरकार में शामिल होने के कुछ ही समय बाद मैंने दलितों, पिछड़ों तथा समाज के अन्य वंचित वर्गों के प्रति भाजपा की असंवेदनशीलता भांप ली थी, लेकिन इन लोगों ने इतने दिन तक इंतजार किया और अब कोई उम्मीद बाकी नहीं रहने पर वे भी इस्तीफा दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश का अगला विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर लड़ने जा रहे राजभर ने एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में दावा करते हुए कहा, भाजपा मंत्रिमडल के एक-दो विकेट रोजाना गिरेंगे और 20 जनवरी तक यह संख्या डेढ़ दर्जन तक पहुंच जाएगी। राजभर की पार्टी ने उत्तर प्रदेश का पिछला विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ा था और उसे चार सीट पर जीत मिली थी। राजभर गाजीपुर की जहूराबाद सीट से विधायक बने थे और उन्हें भाजपा नीत सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री बनाया गया था। हालांकि, उन्होंने वर्ष 2019 में भाजपा से नाता तोड़ लिया था। प्रदेश के डेढ़ दर्जन मंत्रियों के इस्तीफा देने संबंधी अपने दावे के आधार के बारे में पूछे जाने पर राजभर ने कहा, जब यह होगा तब सभी को मालूम हो जाएगा। मैं अभी किसी का नाम क्यों लूं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।