होम नोएडा में विवादित पोस्टर पर बवाल, सपा कार्यकर्ताओं का थाने के बाहर हंगामा
नोएडा में एक आपत्तिजनक पोस्टर के वायरल होने के बाद राजनीति गर्मा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस पोस्टर को बेहद आपत्तिजनक करार देते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Noida Viral Poster News: नोएडा में एक आपत्तिजनक पोस्टर के वायरल होने के बाद राजनीति गर्मा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस पोस्टर को बेहद आपत्तिजनक करार देते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसी मुद्दे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने थाना सेक्टर-24 के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया और पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा।
वायरल पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हवन करते हुए दिखाया गया है, जबकि उसके ऊपरी हिस्से में लिखा है— “जब-जब धर्म की स्थापना होती है, तब-तब असुरों को परेशानी होती है।”
इसके ठीक ऊपर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीरों को कथित तौर पर ‘राक्षस रूप’ में दिखाया गया है। जैसे ही यह पोस्टर सोशल मीडिया (एक्स) पर वायरल हुआ, सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।
सपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल थाना सेक्टर-24 पहुंचा और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर नारेबाजी की।
शिकायत पत्र में लिखा गया है कि यह पोस्टर कथित तौर पर नोएडा के चौड़ा गांव निवासी एक युवक ने बनाया और शेयर किया है। सपा नेताओं का आरोप है कि यह कृत्य जानबूझकर शहर का माहौल बिगाड़ने और राजनीतिक द्वेष फैलाने के इरादे से किया गया है।
सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह के पोस्टर न केवल विपक्षी नेताओं का अपमान हैं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादा और सामाजिक सौहार्द पर भी हमला हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।
पुलिस अधिकारियों ने शिकायत पत्र लेने के बाद मामले की जांच का भरोसा दिलाया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।