होम Quad Summit में ट्रंप ने PM मोदी की जमकर की तारीफ, बोले- मोदी बहुत सख्त इंसान हैं, पुतिन-शी जिनपिंग से मुलाकात से पहले बड़ा बयान

समाचारविदेश Alert Star Digital Team Nov 17, 2026 05:18 PM

Quad Summit में ट्रंप ने PM मोदी की जमकर की तारीफ, बोले- मोदी बहुत सख्त इंसान हैं, पुतिन-शी जिनपिंग से मुलाकात से पहले बड़ा बयान

फिलीपींस की राजधानी मनीला में 17 नवंबर को आयोजित क्वाड (Quad) नेताओं के शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई।

Quad Summit में ट्रंप ने PM मोदी की जमकर की तारीफ, बोले- मोदी बहुत सख्त इंसान हैं, पुतिन-शी जिनपिंग से मुलाकात से पहले बड़ा बयान

फिलीपींस की राजधानी मनीला में 17 नवंबर को आयोजित क्वाड (Quad) नेताओं के शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। इस दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की और उन्हें मजबूत व्यक्तित्व वाला नेता बताया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि क्वाड के सभी नेता उनके अच्छे दोस्त हैं और प्रधानमंत्री मोदी का दुनिया भर में काफी सम्मान किया जाता है। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब ट्रंप की आगामी चीन यात्रा और शी जिनपिंग व व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रस्तावित बैठक को लेकर भी कूटनीतिक हलचल तेज है।

ट्रंप बोले- पीएम मोदी एक महान नेता और मेरे दोस्त हैं

क्वाड सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा, 'पीएम मोदी एक महान नेता और मेरे दोस्त हैं, जिनका पूरी दुनिया में हर कोई बहुत सम्मान करता है.'

ट्रंप ने जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत सख्त इंसान हैं और साने ताकाइची (जापानी प्रधानमंत्री) तो शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हैं. अल्बनीज (ऑस्ट्रेलियाई पीएम) और मैं ठीक हैं. इन लोगों और इन देशों के साथ शुरुआत से ही हमारे बहुत अच्छे संबंध रहे हैं. मैं इन तीनों के साथ लंबे समय से काम कर रहा हूं और ये सभी बेहद शानदार लोग हैं. ये मेरे दोस्त हैं, जिससे काम करने में काफी मदद मिलती है. वैसे पीएम मोदी बहुत सख्त हैं और साने ताकाइची शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हैं. हम भी ठीक हैं.'

क्वाड सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर ट्रंप का बड़ा बयान

क्वाड नेताओं के साथ बैठक में डोनाल्ड ट्रंप ने संगठन के आपसी सहयोग और सदस्य देशों के संबंधों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, 'हमारे लिए यह साल काफी शानदार रहा है. क्वाड की बहाली के बाद हमारा आपसी सहयोग लगातार बढ़ा है और हमारी दोस्ती भी पहले से कहीं ज्यादा गहरी हुई है. हम सभी आपस में दोस्त हैं और इस तरह काम करना काफी आसान हो जाता है. ये देश पूरी दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों में से एक का प्रतिनिधित्व करते हैं.'

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चारों देशों की भूमिका पर जोर देते हुए ट्रंप ने कहा, 'हम दुनिया के सबसे सफल देशों में शामिल हैं और कई मायनों में दुनिया के सबसे ताकतवर देश भी हैं. हमारे चारों देश एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और बेहद समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार मजबूत स्तंभ हैं. हमारे बीच बेहद शानदार संबंध हैं और हम क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक कूटनीति से जुड़े मामलों पर आपस में मिलकर करीब से काम करते हैं.'

शी जिनपिंग और पुतिन के साथ बैठक से पहले अहम हुई मोदी-ट्रंप मुलाकात

मनीला में पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात को कूटनीतिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। इसकी एक बड़ी वजह 19 नवंबर को ट्रंप की चीन यात्रा है। इस दौरान शेनझेन में APEC शिखर सम्मेलन के इतर अमेरिकी राष्ट्रपति की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।

ब्लूमबर्ग ने भारतीय और जापानी राजनयिकों के हवाले से बताया है कि इस बैठक में आर्थिक सुरक्षा पर सबसे ज्यादा जोर रहने की उम्मीद है। बातचीत में नई और संवेदनशील तकनीक, क्रिटिकल मिनरल्स, सामानों की निर्बाध सप्लाई चेन और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं।

क्वाड बैठक में समुद्री सुरक्षा और क्रिटिकल मिनरल्स पर फोकस

मनीला में क्वाड शिखर सम्मेलन का आयोजन भी कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समुद्री विवादों के कारण पिछले कुछ वर्षों में फिलीपींस और चीन के बीच तनाव बना हुआ है। ऐसे माहौल में फिलीपींस की राजधानी में क्वाड नेताओं की बैठक को क्षेत्रीय स्तर पर एक अहम कूटनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

इस सम्मेलन के एजेंडे में कॉमर्शियल शिपिंग की सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स और मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात जैसे मुद्दे शामिल हैं। इन विषयों पर चारों देशों के बीच सहयोग और साझा रणनीति को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।

मनीला में ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन, फूंके गए पुतले

क्वाड सम्मेलन के लिए मनीला पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को विरोध प्रदर्शनों का भी सामना करना पड़ा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के दौरे के खिलाफ मनीला में लगातार पांचवें दिन प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे।

प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप के पुतले फूंके और मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को तुरंत समाप्त करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका के नेतृत्व वाली सप्लाई चेन पहल 'पैक्स सिलिका' (Pax Silica) को रद्द करने की मांग भी उठाई। इस तरह क्वाड सम्मेलन के दौरान जहां चार देशों के नेता क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग पर चर्चा कर रहे हैं, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति को स्थानीय स्तर पर विरोध का सामना भी करना पड़ा।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)