होम Ladakh Tourism Boom: दुनिया भर के पर्यटकों की पहली पसंद बना लद्दाख, विदेशी सैलानियों की संख्या लगभग दोगुनी
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है. हाल ही में जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की पहली छमाही (जनवरी से जून) के दौरान यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है.
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है. हाल ही में जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की पहली छमाही (जनवरी से जून) के दौरान यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. इस अवधि में कुल 2,25,286 पर्यटक लद्दाख पहुंचे, जिनमें 2,11,645 घरेलू और 13,641 विदेशी पर्यटक शामिल रहे.
आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी पर्यटकों की संख्या में साल-दर-साल 99.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. वहीं, कुल पर्यटकों की संख्या में भी 43.48 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. जून 2026 में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़कर 6,680 पहुंच गई, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 3,349 था. विदेशी पर्यटकों में सबसे अधिक संख्या इज़राइल से आने वाले यात्रियों की रही. इसके अलावा थाईलैंड, अमेरिका, वियतनाम, जर्मनी, फ्रांस, यूनाइटेड किंगडम और जापान से भी बड़ी संख्या में पर्यटक लद्दाख पहुंचे.
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इन आंकड़ों पर खुशी जताते हुए कहा, "यह बताते हुए खुशी हो रही है कि लद्दाख का टूरिज़्म नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है! इस जून में विदेशी पर्यटकों की संख्या दोगुनी होकर 6,680 हो गई है -जो पिछले साल जून में आए 3,349 विदेशी पर्यटकों की तुलना में 100% की शानदार बढ़ोतरी है."
उन्होंने यह भी बताया कि जनवरी से जून 2026 के बीच लद्दाख में कुल 2,25,286 पर्यटक पहुंचे, जिनमें 2,11,645 घरेलू और 13,641 विदेशी नागरिक शामिल थे.
पर्यटन क्षेत्र में इस तेज़ी का श्रेय देते हुए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पर्यटकों की संख्या में यह उत्साहजनक वृद्धि प्रशासन के उन लगातार प्रयासों का परिणाम है, जिनका उद्देश्य लद्दाख को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना और पर्यटन क्षेत्र का टिकाऊ एवं जिम्मेदार विकास सुनिश्चित करना है.
विनय कुमार सक्सेना ने 'X' पर लिखा, "लद्दाख में इंफ्रास्ट्रक्चर और टूरिज़्म को बढ़ावा देने में दूरदर्शी नेतृत्व और अटूट ध्यान के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का आभारी हूं, जिसने वास्तव में भारत और हमारे बेहद खूबसूरत लद्दाख को ग्लोबल ट्रैवल मैप पर स्थापित किया है."
सरकारी आंकड़े यह संकेत देते हैं कि लद्दाख अब भारत के सबसे लोकप्रिय और सालभर घूमने योग्य पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है. साथ ही, पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने, नई पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर भी इन आंकड़ों में साफ दिखाई देता है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।