होम विराट कोहली बोले-साउथ अफ्रीका में नहीं खलेगी जडेजा की कमी, ऑलराउंडर ने कहा- नकली दोस्त.
विराट कोहली बोले-साउथ अफ्रीका में नहीं खलेगी जडेजा की कमी, ऑलराउंडर ने कहा- नकली दोस्त.
अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया को कई मैच जिताने वाले रवींद्र जडेजा ने उन अफवाहों पर लगाम लगा दी है जिसमें कहा जा रहा था कि वो टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं.
रवींद्र जडेजा ने बुधवार को ट्विटर पर दो पोस्ट किए जिसमें उन्होंने साफ कर दिया कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है और वो टेस्ट क्रिकेट में अपना दमखम दिखाते रहेंगे.
बता दें रवींद्र जडेजा चोट के चलते साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर हैं और इसी के बाद ये खबरें आने लगी कि उनका चयन नहीं हुआ है और इस वजह से अब ये ऑलराउंडर टेस्ट से संन्यास के बारे में सोच रहा है. लेकिन जडेजा ने अपने ट्वीट के जरिए इसे कोरी अफवाह बताया.रवींद्र जडेजा ने बुधवार को दो ट्वीट किए. पहले में उन्होंने पोस्ट किया- नकली दोस्त अफवाहों पर भरोसा करते हैं और असल दोस्त आपके ऊपर. इसके बाद जडेजा ने अपनी तस्वीर पोस्ट की जिसमें उन्होंने लिखा- अभी काफी आगे जाना है.
विराट बोले टीम के पास जडेजा के विकल्प हैं
साउथ अफ्रीका दौरे पर रवाना होने से पहले टेस्ट कप्तान विराट कोहली मीडिया से मुखातिब हुए और उन्होंने माना कि दौरे पर टीम इंडिया को जडेजा की कमी खलेगी लेकिन उनके विकल्प टीम के पास हैं. विराट कोहली ने कहा, 'जडेजा निश्चित रूप से हमारे लिये काफी अहम खिलाड़ी रहे हैं. वो खेल के तीनों विभागों में योगदान करते हैं जो काफी महत्वपूर्ण है, खासतौर पर विदेशी परिस्थितियों में. उनकी निश्चित रूप से कमी खलेगी.' हालांकि विराट कोहली ने ये भी कहा कि उनके पास अच्छी बेंच स्ट्रेंथ है और उनकी टीम साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकती है.
जडेजा कर रहे हैं बेहतरीन प्रदर्शन
बता दें रवींद्र जडेजा ने भारत के लिए 57 टेस्ट में 2195 रन बनाने के अलावा 232 विकेट भी हासिल किए हैं. पिछले तीन सालों की बात करें तो जडेजा ने 18 टेस्ट में 36 से ज्यादा की औसत से 800 रन ठोके हैं और उनके खाते में 47 विकेट भी हैं. साफ है जडेजा टीम इंडिया की टेस्ट यूनिट का अहम हिस्सा हैं और उनके अंदर अभी काफी क्रिकेट बाकी है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।