होम शिवराज सरकार के एक आदेश पर मचा सियासी बवाल! कांग्रेस ने उठाए सवाल
शिवराज सरकार के एक आदेश पर मचा सियासी बवाल! कांग्रेस ने उठाए सवाल
मध्य प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास विभाग पर आरोप लग रहा है कि उसने विभिन्न विभागों को प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आभार पोस्ट कार्ड भेजने के लिए टारगेट दिया है।
जिला पंचायतों की ओर से जारी आदेशों से यह जानकारी सामने आई है। हरदा जिला पंचायत के 15 फरवरी के आदेश में कहा गया है कि सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सूबे के सभी गांवों और नगरीय वार्डों में निकाली जा रही विकास यात्राओं का मीडिया, सोशल मीडिया और राज्यव्यापी संगठन के अन्य माध्यमों से पर्याप्त प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम शिवराज सिंह चौहान की वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिले में संचालित सभी योजनाओं में हितग्राहियों को प्राप्त होने वाले लाभ के संबंध में आभार/धन्यवाद (पोस्ट कार्ड के माध्यम से) प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा गया था। यह वीडियो कांफ्रेंसिंग राज्य सरकार की ओर से 12 फरवरी को आयोजित हुई थी। हरदा में जिला पंचायत पदाधिकारी ने 21 विभिन्न विभागों को 1.41 लाख पोस्ट कार्ड भेजने का टार्गेट दिया है। जिला पंचायत हरदा के सीईओ रोहित सेसोनिया ने कहा, 'हमने विभिन्न विभागों को हितग्राहियों के हिसाब से लक्ष्य दिया है। हम किसी को इसके लिए बाध्य नहीं कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा- लाभार्थियों को मिल रहे सरकारी लाभों के लिए आभार व्यक्त करने को लेकर पोस्ट कार्ड लिखे जा रहे हैं। वहीं जिला पंचायत दमोह के सीईओ अजय श्रीवास्तव ने कहा कि लाभार्थी खुद धन्यवाद कहना चाहते हैं। इसके लिए हम तो केवल माध्यम बन रहे हैं। जनपद सीईओ एवं पंचायत पदाधिकारी उन्हें पोस्ट कार्ड और पता उपलब्ध करा रहे हैं ताकि वे इन योजनाओं को लेकर आभार व्यक्त कर सकें। दमोह में कोई विभागवार लक्ष्य नहीं दिया गया है वरन सभी लाभार्थियों को कवर करने की बात कही गई है।
हालांकि, कुछ अधिकारियों का कहना है कि पोस्ट कार्ड के लिए निर्देश दिए गए थे लेकिन हमें बिना कोई आदेश जारी किए ऐसा करने को कहा गया। सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को धन्यवाद कहने के लिए ज्यादा से ज्यादा पोस्ट कार्ड भेजे जाएं, लेकिन यह आदेश आधिकारिक नहीं है। वहीं पंचायत विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह समझना बेहद मुश्किल है कि सीईओ जिला पंचायत ने इस संबंध में आदेश कैसे जारी कर दिया।
वैसे असलियत जो भी हो कांग्रेस नेताओं को इस घटनाक्रम में एक मौका मिल गया है। कांग्रेस नेताओं ने कथित तौर पर जबरदस्ती आभार जताने को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता केके मिश्रा ने सवाल किया कि आखिर भाजपा सरकार इससे क्या हासिल करना चाहती है। उन्होंने सबसे पहले सरकारी तंत्र का दुरूपयोग कर के विकास यात्रा निकालने का ऐलान किया। कलेक्टर एवं अन्य जिला प्रशासन के अधिकारी विकास यात्रा निकालने में लगे हैं। अब पंचायत पदाधिकारियों को लिखित धन्यवाद प्राप्त करने का काम दिया गया है। यह सत्ता का दुरुपयोग है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।