होम मानसून सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायक आलम बदी और 21 पूर्व विधायकों को विधानसभा में दी गई श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान विधायक आलम बदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने सदन के 21 पूर्व सदस्यों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रति योगदान को याद किया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान विधायक आलम बदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने सदन के 21 पूर्व सदस्यों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रति योगदान को याद किया।
नेता सदन के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान विधानसभा के सदस्य आलम बदी का 23 जुलाई को निधन हो गया था। उनकी आयु 90 वर्ष से अधिक थी और वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि आलम बदी सदन के सबसे वरिष्ठ और वयोवृद्ध सदस्यों में शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आलम बदी का जन्म 16 मार्च 1936 को आजमगढ़ जिले के बिंदवल गांव में हुआ था। वह पहली बार 1996 के मध्यावधि विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2002, 2012, 2017 और 2022 में भी समाजवादी पार्टी के टिकट पर आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान विधानसभा में आलम बदी पांचवीं बार सदस्य के रूप में कार्य कर रहे थे और विधानसभा की विभिन्न समितियों में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके थे। वर्तमान में वह विधानसभा की आचार समिति के सदस्य भी थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी आलम बदी की राजनीतिक सक्रियता सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक थी। उन्होंने कहा कि उनका लगातार निर्वाचित होना इस बात का प्रमाण है कि यदि कोई जनप्रतिनिधि जनता और अपने क्षेत्र के प्रति समर्पित रहता है, तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
सीएम योगी ने कहा कि आलम बदी अपनी सादगी, विनम्र स्वभाव और बेदाग सार्वजनिक जीवन के लिए पहचाने जाते थे। उन्होंने गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान, सामाजिक कार्यों तथा शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही वह अपने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को सदन में लगातार उठाते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से उत्तर प्रदेश ने एक अनुभवी राजनीतिज्ञ और समर्पित समाजसेवी को खो दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर विधानसभा के 21 पूर्व सदस्यों के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व सदस्य राजेंद्र त्रिपाठी, भोला पांडेय, अमिताभ लवानिया, सुब्बाराम, जगन्नाथ चौधरी, रामप्यारे आजाद, गोपीनाथ वर्मा, यशपाल सिंह, राधेश्याम भारती, संग्राम सिंह, हरिनारायण राजभर, डॉ. भगवत दयाल, अरुण कुमार सिंह 'मुन्ना', ओमवती देवी, मोहर सिंह, अफसर यू अहमद, तेजभान सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, प्यारेलाल शंखवार, ओमकार सिंह और हनुमंत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।