होम राम भक्तों के लिए जरूरी खबर, आरती के समय में हुआ बदलाव; जानें नई टाइमिंग
राम भक्तों के लिए जरूरी खबर, आरती के समय में हुआ बदलाव; जानें नई टाइमिंग
अयोध्या के राम मंदिर में विराजमान रामलला का दर्शन करने जाने वालों के लिए जरूरी खबर है। श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दर्शन के समय में अब बदलाव कर दिया है। आज यानी शुक्रवार से दोपहर में एक घंटे के लिए मंदिर के कपाट बंद रखे जा रहे हैं।
राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने इसे लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामलला शुक्रवार से अपराह्न में 1 घंटे का विश्राम करेंगे। दरअसल, प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद मंदिर में आने वाले भक्तों की भारी भीड़ है। इसे देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन का समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बढ़ा दिया है।
आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा, 'श्री रामलला 5 साल के बाल स्वरूप में हैं। इसलिए बाल देवता को कुछ आराम देने के लिए ट्रस्ट ने फैसला किया है कि मंदिर के कपाट अपराह्न में एक घंटे तक बंद कर दिए जाएंगे।' उन्होंने बताया कि मंदिर दोपहर साढ़े 12 बजे से दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक बंद रहेगा। प्रतिष्ठा समारोह से पहले रामलला के दर्शन का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक था, जिसमें दोपहर 1:30 से 3:30 तक दो घंटे दर्शन बंद रहते थे।
आरती के लिए ऑनलाइन पास की सुविधा
बता दें कि रामलला की आरती में शामिल होने के लिए अब ऑनलाइन पास की सुविधा भी दी जा रही है। कुछ दिनों पहले मंदिर ट्रस्ट ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते इसे बंद कर दिया था। फिलहाल आरती के लिए पास की बुकिंग इस महीने के अंत तक फुल हो गई है। सूत्रों के मुताबिक पहले चरण में मंगला और शयन आरती के लिए 20-20 पास ही दिए जाएंगे। इनकी संख्या बाद में बढ़ाई जाएगी। इस बीच, राम मंदिर पर एक स्मारक सिक्का जारी हुआ है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को यह स्मारक सिक्का जारी किया।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।