होम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हुए 70 साल के, देश-विदेश की हस्तियों ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हुए 70 साल के, देश-विदेश की हस्तियों ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को 70 साल के हो गए और इस अवसर पर उन्हें बधाइयों का तांता लग गया। देश और दुनिया की तमाम दिग्गज हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य के साथ-साथ दीर्घायु होने की भी कामना की। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल सहित कई राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों ने मोदी को बधाई दी और अपने-अपने देशों के साथ संबंधों को मजबूत बनाने में उनके निजी योगदान की जमकर सराहना की।
मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को हुआ था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों सहित दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विपक्ष के नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पुतिन ने इस अवसर पर अपने बधाई संदेश में भारत तथा रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में मोदी के व्यक्तिगत योगदान की सराहना की।
पुतिन ने पीएम मोदी को दी बधाई
मोदी को लिखे पत्र में पुतिन ने कहा, 'आपके 70वें जन्मदिन पर मेरी शुभकामनाएं।' मोदी की प्रशंसा करते हुए पुतिन ने कहा कि भारत के शासनाध्यक्ष के रूप में मोदी के कामकाज ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा और सम्मान दिलाया है। पुतिन ने कहा, 'आपके नेतृत्व में भारत सामाजिक-आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी विकास के पथ पर सफलतापूर्वक अग्रसर है।' नयी दिल्ली स्थित रूसी दूतावास की वेबसाइट पर डाले गए पत्र में पुतिन ने कहा, 'दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपका व्यक्तिगत रूप से बड़ा योगदान है।'
राष्ट्रपति ने कहा कि उनके और मोदी के बीच मित्रता का संबंध मूल्यवान हैं। जर्मन चांसलर मर्केल ने कहा कि दोनों देशों की जनता के लाभ के लिए जर्मनी और भारत के बीच परंपरागत अच्छे संबंधों को और मजबूत करने में मोदी सफल हुए हैं। मोदी को भेजे पत्र में मर्केल ने लिखा, ''आपके 70वें जन्मदिवस पर मेरी शुभकामनाएं स्वीकार कीजिए। इस अवसर पर मैं हमारे बीच भरोसेमंद एवं रचनात्मक सहयोग के लिए आपका आभार जताना चाहती हूं।''
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।