होम बगावत छोड़ कांग्रेस में लौटे सचिन पायलट,
बगावत छोड़ कांग्रेस में लौटे सचिन पायलट,
पिछले एक महीने से बगावती तेवर अपनाए बैठे सचिन पायलट अब हठ छोड़ कांग्रेस की राह चलने को तैयार हैं। राजस्थान विधानसभा सत्र से ठीक पहले अचानक तेज हुए राजनीतिक घटनाक्रम के तहत कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को पायलट को बुलाकर सीधी बातचीत की। इसमें पायलट ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ शिकायतों का पिटारा खोला तो हाईकमान ने समाधान निकालने का भरोसा दिया। पायलट ने भी कांग्रेस के साथ अपनी सियासी पारी जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
सचिन के लिए पार्टी की छतरी में रहना ही ज्यादा सुरक्षित
हाईकमान ने भी पायलट व उनके समर्थक विधायकों की शिकायतों पर गौर कर हल निकालने के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाने की घोषणा कर दी। जाहिर है कि इस बहाने कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा में नंबर गेम को साधने की कोशिश की है। अपने खेमे के साथियों का समर्थन खोते जा रहे सचिन के लिए भी पार्टी की छतरी में रहना ही ज्यादा सुरक्षित है। राहुल गांधी के निवास पर करीब दो घंटे से अधिक चली बैठक में पायलट ने अपने साथ बागी विधायकों की वापसी के फॉर्मूले पर हाईकमान से सीधी बातचीत की। सुलह बैठक की मुख्य सूत्रधार रहीं प्रियंका गांधी भी इस दौरान पूरे समय न केवल मौजूद रहीं बल्कि बागियों की वापसी में आ रही अड़चनों को दूर करने में भी खासी सक्रिय दिखीं।
बगावत छोड़ने को राजी हुए सचिन पायलट
पार्टी सूत्रों ने बताया कि हाईकमान ने बगावत छोड़ने को राजी हुए सचिन पायलट को कांग्रेस में उनकी प्रतिष्ठा के हिसाब से पद देने का वादा किया है। साथ ही वापस लौटने वाले उनके समर्थक विधायकों को भी राजस्थान सरकार और प्रदेश संगठन में उचित जगह मिलेगी। बगावत की वजह से मंत्री पद से बर्खास्त किए गए विधायकों को दोबारा मंत्री बनाए जाने की संभावना है। हालांकि पायलट और उनके समर्थकों को तत्काल पद नहीं मिलेगा बल्कि शिकायतों पर गौर करने के लिए बनी समिति की रिपोर्ट के आधार पर सुलह का आखिरी फॉर्मूला निकलेगा।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।