होम एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान केरल के कोझिकोड में दुर्घटनाग्रस्त
एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान केरल के कोझिकोड में दुर्घटनाग्रस्त
एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान केरल के कोझिकोड हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है.
विमान दुबई से आ रहा था. विमान में चालक दल के सदस्यों समेत 190 लोग सवार थे. यात्रियों में 10 बच्चे और चालक दल के दो सदस्य और चार केबिन क्रू शामिल थे.
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि हादसे की जांच के लिए दो टीमों का गठन किया गया है. एक टीम एयर इंडिया की होगी और दूसरी एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया की. हरदीप सिंह पुरी ने जानकारी दी है कि रेस्क्यू पूरा कर लिया गया है.
मलपुरम के आजीपी बताया, 'क़रीब 160 घायल यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इसके अतिरिक्त करीब 20-25 यात्री ऐसे हैं जो गंभीर तौर पर ज़ख़्मी हैं.'
विमान में सवार ज़्यादातर यात्री ऐसे थे जिनके वीज़ा की समय सीमा सीमा समाप्त हो गई थी और नौकरी चली गई थी. कुछ यात्री ऐसे भी थे जो छुट्टियों के लिए दुबई गए थे लेकिन कोविड की महामारी के कारण वहीं फंस गए थे.
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ट्वीट कर हादसे पर पछतावा ज़ाहिर किया है और इससे जुड़ी जानकारी साझा करने का आश्वासन दिया है.
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के बयान के मुताबिक़ ये हादसा शाम सात बजकर 41 मिनट पर हुआ. विमान लैंड करते समय रनवे से आगे निकल गया. लेकिन विमान में आग नहीं लगी है.
मंत्रालय के मुताबिक़ राहतकार्य जारी है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट किया है...
'कोझीकोड में हुए विमान हादसे से दुखी हूँ. मेरी संवेदनाएँ उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस हादसे में अपनों को खोया है. जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों. केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से इस संबंध में बात की. अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हर तरह की संभव मदद दे रहे हैं.'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट कर बताया है कि एनडीआरएफ़ की टीम को तत्काल घटनास्थल पर पहुँचने को कहा गया है.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने एनडीआरएफ़ डीजी एसएन प्रधान के हवाले से लिखा है "हमें यह ज़रूर समझना होगा कि यह एक टेबलटॉप रनवे है. यात्रियों को चोटें आई हैं और उनमें से कुछ बेहोश भी हैं. बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ़ का एक दल रवाना हो चुका है."
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस हादसे पर खेद जताया है.
विमान कंपनी ने ये ज़रूर माना है कि इस हादसे से नेटवर्क पर असर पड़ेगा लेकिन इस बात का आश्वासन भी दिया है कि आने वाले समय में भी वंदे भारत मिशन जारी रहेगा.केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने कहा है कि उन्होंने पुलिस और फ़ायर कर्मचारियों को तुरंत कार्रवाई करने को कहा है. उन्होंने ट्वीट कर अधिकारियों को राहतकार्यों और चिकित्सा सुविधा के लिए तुरंत ज़रूरी व्यवस्था करने को कहा है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।