होम यूपी की गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद के अतिरिक्त प्रभार की शपथ ली
यूपी की गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद के अतिरिक्त प्रभार की शपथ ली
उत्तर प्रदेश की गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को मध्यप्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ ली। वह उत्तर प्रदेश की राज्यपाल हैं लेकिन लालजी टंडन की तबियत खराब होने के चलते उनको राष्ट्रपति की ओर से मध्यप्रदेश के गवर्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल ने राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल लालजी टंडन की अस्वस्थता के कारण राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आनंदी बेन को सूबे का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
शपथ समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, आदिम जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह, सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, राज्यसभा सदस्य विनय सहस्रबुद्धे, भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर, भाजपा संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित सीमित संख्या में वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। शपथ के बाद राज्यपाल को सुरक्षा बल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कल यानी दो जुलाई को उनकी कैबिनेट का विस्तार होगा। बता दें कि कोरोना लॉकडाउन के कारण पहले चरण में हुए विस्तार में शिवराज केवल पांच मंत्रियों को अपनी टीम में जोड़ पाए थे। इनमें तीन भाजपा कोटे से जबकि दो सिंधिया कोटे से थे। इसके बाद से लगातार मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा चलती रही लेकिन पार्टी हाइकमान से अनुमति नहीं मिलने के कारण इसे अंजाम तक नहीं पहुंचाया जा सका था। भाजपा सूत्रों की मानें तो दूसरे विस्तार में लगभग 25 मंत्री शपथ ले सकते हैं।
फिलहाल, लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती मध्य प्रदेश के लालजी टंडन की हालत स्थिर है। एक्सपर्ट की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रख रही है। लालजी टंडन को 11 जून को स्वास्थ्य खराब होने पर मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 13 जून को पेट में रक्तस्राव होने पर उनका ऑपरेशन किया गया जिसके बाद से वह लगातार क्रिटिकल केयर वेंटिलेटर पर थे। बीच-बीच में कुछ देर के लिए वेंटिलेटर हटाया गया ताकि ताकि धीरे-धीरे वेंटिलेटर सपोर्ट हटाया जा सके। 27 जून को उन्हें प्रेशर में ऑक्सीजन देने के लिए बाई-पैप मशीन पर रखा गया लेकिन उनको राहत नहीं मिली थी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।