होम कोरोना के खिलाफ जंग में भारत विकसित देशों से आगे
कोरोना के खिलाफ जंग में भारत विकसित देशों से आगे
कोरोना के खिलाफ जंग में भारत विकसित देशों से आगे रहा है। लॉकडाउन के पूरी तरह विफल रहने के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों को नकारते हुए सरकार ने यह दावा किया है। मजेदार बात यह है कि सरकार और विपक्ष का आरोप-प्रत्यारोप सिर्फ ट्वीट के जरिये हो रहा है। राहुल के आरोपों का उन्हीं के तरीके से जवाब देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से भारत में दुनिया के दूसरे देशों की तुलना में न सिर्फ कम लोगों को संक्रमण हुआ, बल्कि इससे मरने वालों की संख्या भी बहुत कम रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने उन्हीं चार देशों में कोरोना संक्रमण और उससे होने वाली मौत का आंकड़ा दिया, जिनके आंकड़ों का इस्तेमाल लॉकडाउन को विफल साबित करने के लिए किया गया था। राहुल ने ग्राफ ट्वीट किया और स्वास्थ्य मंत्रालय ने आंकड़े ट्वीट किए।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लॉकडाउन विफल होने का लगाया था आरोप
दरअसल, एक दिन पहले राहुल गांधी ने स्पेन, जर्मनी, इटली और ब्रिटेन के साथ भारत में हर दिन कोरोना के मरीजों की संख्या का ग्राफ ट्वीट किया था। इस ट्वीट के सहारे उन्होंने साबित करने की कोशिश की थी कि भारत में लॉकडाउन किस तरह विफल हुआ है। राहुल का कहना था कि स्पेन, जर्मनी, इटली और ब्रिटेन में लॉकडाउन कोरोना के संक्रमण को रोकने में सफल रहा। वहां लॉकडाउन उस समय हटाया गया, जब नए मरीजों की संख्या कम हो रही थी। इसके विपरीत भारत में लॉकडाउन के दौरान भी नए मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती रही। लॉकडाउन हटाने का फैसला उस समय किया गया, जब यह अभी तक के उच्च स्तर पर पहुंच गया है। जिस तरह रोजाना दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों से आंकड़े आ रहे हैं उससे राहुल के तर्क को बल भी मिलता है। आम लोगों में आशंका इसलिए भी गहरा गई है, क्योंकि कई स्थानों से ऐसी खबरें आ रही हैं कि टेस्ट ही नहीं हो रहे हैं। साधारण लक्षण वाले मरीजों को तो देखने तक की जहमत नहीं उठाई जा रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।