होम कोरोना लॉकडाउन: हवाई सेवा शुरू हुई, तो बदल जाएँगे सफ़र के नियम
कोरोना लॉकडाउन: हवाई सेवा शुरू हुई, तो बदल जाएँगे सफ़र के नियम
भारत में रेल सेवा के आंशिक रूप से शुरू होने के बाद अब घरेलू यात्री उड़ानें भी जल्द ही शुरू हो सकती हैं.
हालांकि, सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने गुरुवार को ट्वीट कर बताया कि वो 14 मई शाम 5 बजे से अमरीका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फ़्रांस, सिंगापुर और जर्मनी की फ़्लाइट्स की बुकिंग शुरू करेगी.
इससे पहले हवाई सेवा शुरू करने के लिए भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइन और एयरपोर्ट से सुझाव भी मांगे हैं. कोविड-19 की वजह से घरेलू उड़ानें बीते 25 मार्च से ही बंद हैं.
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने एक ट्वीट कर जानकारी भी दी कि ऑपरेशन फिर से शुरू करने की तैयारी चल रही है और इस बारे में फ़ैसला होते ही ऑपरेशन शुरू किया जाएगा.
एक प्राइवेट टीवी चैनल से बात करते हुए हरदीप पुरी ने कहा कि अब लोगों के यात्रा करने के तरीक़ों में बदलाव आएगा और सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन करना होगा.
उन्होंने कहा कि फ़्लाइट ऑपरेशन से जुड़े एसओपी यानी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर में भी बदलाव किए जाएंगे.
समाचार एजेंसी पीटीआई को मिली जानकारी के मुताबिक़, एसओपी तैयार करने के लिए मिले सुझावों में शामिल बिंदु हैं - यात्रियों को कोविड-19 से जुड़ी प्रश्नावली भरनी होगी, केबिन बैगेज ले जाने की इजाज़त नहीं होगी, आरोग्य सेतु ऐप चाहिए होगा और उड़ान के कम से कम दो घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा.
हालाँकि, मंत्रालय के एडिशनल डायरेक्टर जनरल राजीव जैन ने कहा कि ये सुझाव हैं, जिन्हें रिकॉर्ड कर लिया गया है. फ़ाइनल एसओपी अभी जारी होना बाक़ी है.
ट्रांसपोर्ट एक्सपर्ट श्री प्रकाश कहते हैं कि घरेलू उड़ानें शुरू होती हैं तो ये एक राहतभरा क़दम होगा.
उन्होंने बीबीसी हिंदी से कहा, "घरेलू उड़ानें तो शुरू होनी ही चाहिए. रेल सेवा शुरू हो चुकी है, लेकिन ट्रेन में कहीं जाने में वक्त लगता है. आप ज़्यादा देर तक सफ़र करेंगे तो एक्सपोज़र के चांस भी ज़्यादा हो जाते हैं. सावधानी बरतकर हवाई सेवा शुरू की जा सकती है."
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।