होम शिवराज सिंह चौहान चौथी बार CM बनेंगे, BJP विधायकों ने चुना नेता
शिवराज सिंह चौहान चौथी बार CM बनेंगे, BJP विधायकों ने चुना नेता
मध्य प्रदेश में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल का नेता चुना गया। बताया जा रहा है कि वे आज रात 9 बजे राजभवन में शपथ लेंगे। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि सोमवार शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक में शिवराज सिंह चौहान को दल का नेता चुना गया। वह आज रात नौ बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि आज रात केवल मुख्यमंत्री ही शपथ लेंगे। उनके मंत्रिमंडल के किसी भी सदस्य को शपथ नहीं दिलाई जाएगी। शर्मा ने यहां मीडिया से कहा, ''कोरोना वायरस के खतरे के कारण तत्काल यह निर्णय लिया गया था कि भाजपा विधायक दल की बैठक बुला कर नेता का चुनाव किया जाए। ताकि वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इस महामारी से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए सरकारी तंत्र का उपयोग करे।'' शर्मा ने बताया कि भाजपा के केन्द्रीय पर्यवेक्षक दिल्ली से वीडियो कान्फ्रेस के जरिए भोपाल में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर सभी विधायकों से हमने अनुरोध किया है कि वे किसी अन्य व्यक्ति को अपने साथ में लेकर न आयें। केवल विधायक उपस्थित रहेंगे।
बीजेपी विधायक दल के नेता शिवराज को मध्यप्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर आज रात राजभवन में राज्यपाल लालजी टंडन द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि बीजेपी के केन्द्रीय पर्यवेक्षक दिल्ली से वीडियो कान्फ्रेस के जरिए भोपाल में होने वाली बीजेपी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।
इससे पहले सोमवार को ही बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले गोपाल भार्गव ने नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद विधायक दल की बैठक शुरू हुई। बैठक में शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद थे। गोपाल भार्गव ने शिवराज के नाम का प्रस्ताव रखा। शर्मा ने उसका समर्थन किया। कुछ ही विधायक बैठक में मौजूद थे। कोरोना का संक्रमण न फैले, इसका एहतियात लेते हुए बाकी विधायकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में हिस्सा लिया। सभी विधायकों ने शिवराज के नाम पर मुहर लगाई और उन्हें अपना नया नेता चुन लिया।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।