होम शाहीन बाग में बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था, गोली चलने के बाद पुलिस ने लगाया मेटल डिटेक्टर
शाहीन बाग में बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था, गोली चलने के बाद पुलिस ने लगाया मेटल डिटेक्टर
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी को लेकर शाहीन बाग में करीब डेढ़ महीने से जारी विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने वहां मेटल डिटेकटर लगाया है। इसके साथ ही वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि पुलिस ने यह सब सुरक्षा के उपाय वहां गोली चलने और आए दिन हंगामे के बाद उठाए हैं। शनिवार को वहां एक शख्स ने गोली चला दी थी इसके बाद पुलिस ने वहां सुरक्षा बढ़ा दी है।
इधर, शाहीन बाग में गोली चलाने के आरोपित कपिल गुर्जर को रविवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। शाहीन बाग थाना पुलिस को कपिल गुर्जर ने बताया कि उसने सात साल पहले बड़े भाई की शादी में फायरिंग करने के मकसद से तमंचा खरीदा था।
तमंचा किससे खरीदा था, इस बात की सही जानकारी वह नहीं दे रहा है। तमंचा कहां रखा था, इस संबंध में उसने दो दोस्तों के नाम बताए। पुलिस ने जब कपिल के दोनों दोस्तों से पूछताछ की तब उनमें एक ने बताया कि दो साल पहले उसने उसे तमंचा रखने के लिए दिया था। जिसे काफी पहले कपिल को लौटा दिया था।
गोली चलाने का प्लान उसका खुद का था अथवा किसी ने उकसाया था, के सवाल पर कपिल का कहना है कि यह उसका खुद का प्लान था। उसे दूध की आपूर्ति करने शाहीन बाग इलाके में जाना होता था। वहां उसे रोज भीषण जाम से जूझना पड़ता था। इससे वह आजिज आ चुका था। इसलिए उसने गुस्से में आकर ऐसा कदम उठाया।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।