होम भाजपा का कैप्टन प्रेम : मनोहर ने अमरिंदर को बताया देशभक्त, विज के सुर भी बदले
भाजपा का कैप्टन प्रेम : मनोहर ने अमरिंदर को बताया देशभक्त, विज के सुर भी बदले
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पद से हटते ही भाजपा का कैप्टन प्रेम जाग गया है। पार्टी की ओर से कैप्टन की शान में कसीदे पढ़े जा रहे हैं। किसान आंदोलन को लेकर पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री के बीच छिड़ी जंग अब समाप्त हो गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तो यहां तक कह दिया कि किसान आंदोलन में कैप्टन की भूमिका को लेकर अब कुछ नहीं कहूंगा।
मनोहर लाल से पहले हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज का कैप्टन प्रेम जाग चुका है। विज ने कैप्टन के देशभक्त और सिद्धू पर राष्ट्रद्रोही होने के आरोप जड़े थे। सीएम मनोहर लाल ने शनिवार को यहां कहा कि जिस तरह अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाया, वह ठीक नहीं है। सीएम हमारी पार्टी में भी हटाए गए, लेकिन कैप्टन की तरह किसी ने लज्जित महसूस नहीं किया। सीएम के नाते उनकी भूमिकाएं और थीं, अब वह उस पद पर नहीं रहे, इसलिए किसान आंदोलन में उनकी भूमिका को लेकर कुछ नहीं कहूंगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भूपेंद्र हुड्डा भी कैप्टन की ही राह पर चलते हैं। किसी को फूटी आंख नहीं सुहाते। इतने साल से प्रदेश में कांग्रेस का संगठन ही नहीं खड़ा हो पाया। जबकि भाजपा के नए अध्यक्ष ने फटाफट अपनी टीम बना डाली। इसलिए कांग्रेस का भाजपा से मुकाबला ही नहीं है।
कैप्टन की सोच देश हित में है, जबकि सिद्धू कब क्या बोल दें, कहां किससे उनका लिंक जुड़ जाए, इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने हुड्डा के 'विपक्ष आपके समक्ष' कार्यक्रम पर चुटकी ली। मनोहर लाल ने कहा कि हुड्डा को अपनी गतिविधियां बढ़ानी चाहिए, यह उनका काम है। देखते हैं वह इस कार्यक्रम में जनता के समक्ष किन मुद्दों को लेकर जाते हैं। क्योंकि, वह अक्सर एक ही बात कहते हैं, सरकार ने कुछ नहीं किया। हम उसका जवाब क्यों दें कि हमने क्या किया। यह जनता को देखना है कि हमने क्या किया है।
हमदर्दी के मायने क्या हैं
चुनाव से पहले भाजपा की कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर जताई जा रही हमदर्दी कुछ और ही संकेत दे रही है। पार्टी लाइन से बाहर न जाने वाले भाजपा नेता अब दो कदम आगे बढ़कर कैप्टन की शान में कसीदे पढ़ रहे हैं। हालांकि, पंजाब में कृषि कानूनों का विरोध सबसे पहले कैप्टन ने शुरू किया, बावजूद इसके भाजपा का यह कैप्टन प्रेम कहीं आलाकमान का इशारा तो नहीं।
कैप्टन की बगावत भाजपा को रास आ रही
कैप्टन अमरिंदर सिंह इन दिनों कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ बेबाक बोल रहे हैं। राहुल और प्रियंका को अनुभवहीन होने के साथ ही वह नवजोत सिंह सिद्धू पर भी निशाना साध रहे हैं। पंजाब में चुनाव सिर पर हैं। भाजपा को कैप्टन का यह नया चेहरा पसंद आ रहा है। हालांकि, कैप्टन की तरफ से अभी तक भाजपा को लेकर कोई बयान नहीं सामने आया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।