होम हिमाचल में BJP ऑपरेशन लोटस का बना रही प्लान?
हिमाचल में BJP ऑपरेशन लोटस का बना रही प्लान?
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के एक महीने के कार्यकाल पर विपक्षी दल भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा ने सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर प्रदेश में अव्यवस्था फैलाने के आरोप लगाए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू पर हमला बोलते हुए उनकी सरकार की कारगुजारी पर सवाल खड़े किए हैं। जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू को व्यवस्था परिवर्तन के बयान पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि जनता के हित में लिए गए फैसलों को पलट कर सरकार कौन सी व्यवस्था परिवर्तन करना चाह रही है। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ ऑपरेशन लोटस के भी संकेत दिए हैं।
ऑपरेशन लोटस पर भाजपा कब करेगी विचार?
शिमला में सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में ऑपरेशन लोटस पर पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा का ऑपरेशन लोटस का यूं तो कोई इरादा नहीं है लेकिन अगर खुद कांग्रेस सरकार ऐसे हालात पैदा करेगी या सरकार में अव्यवस्था फैली तो भाजपा ऑपरेशन लोटस पर विचार कर सकती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व में भाजपा सरकार ने प्रतिशोध की भावना से काम नहीं किया लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही जनता के हित में लिए गए सभी फैसलों को पलटने का काम किया है।
कैबिनेट पर भाजपा ने उठाया सवाल
भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि कैबिनेट के गठन से पहले ही असंवैधानिक तरीके से कैबिनेट के फैसलों को बदलना सही नहीं है। कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रदेश में दो बड़े सीमेंट उद्योग बंद हो गए। एक महीने का समय बीतने के बाद भी सरकार समस्या का हल निकालने में विफल रही है। हजारों लोग सड़कों पर आ गए हैं। मंत्रिमंडल पर नेता विपक्ष ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि इसमें जातीय और क्षेत्रीय असंतुलन है। सबसे बड़े जिला कांगड़ा ने सरकार बनाने में भूमिका अदा की लेकिन एक ही मंत्री इस जिले से मनाया गया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि एक ओर तो सरकार खर्च कम करने की बात कर रही थी लेकिन अब छह मुख्य संसदीय सचिव बनाए गए हैं। इसके साथ ही विधायक ना होने के बावजूद भी तीन लोगों को कैबिनेट का दर्जा दिया गया हैं जिसकी कोई जरूरत नहीं थी। नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश सरकार द्वारा डीजल में वैट बढ़ाने के फैसले को जनता विरोधी करार देते हुए कहा कि इससे प्रदेश की गरीब जनता पर महंगाई का बोझ पड़ेगा। यह सरकार देश की जनता के साथ छलावा कर रही है। जनता इन्हें माफ नहीं करेगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।