होम योगी आदित्यनाथ का दावा, उत्तर प्रदेश में 10 मार्च को फिर से कमल खिलेगा
योगी आदित्यनाथ का दावा, उत्तर प्रदेश में 10 मार्च को फिर से कमल खिलेगा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत से जीत का दावा करते हुए कहा कि दस मार्च को उत्तर प्रदेश में फिर से कमल (भाजपा का चुनाव चिन्ह) खिलेगा। सातवें चरण का चुनाव प्रचार थमने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘मैं विश्वास और भरोसे से कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में दस मार्च को फिर से डबल इंजन की सरकार प्रदेश में सत्तारूढ़ होगी। भाजपा राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव प्रचार के दौरान हमें सभी 75 जिलों में जाने का मौका मिला और इन 75 जिलों की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जो उत्साह दिखा, उससे नजर आ रहा है कि भाजपा फिर एक बार सरकार बनाने जा रही है। उल्लेखनीय है कि सात चरणों में प्रस्तावित उप्र विधानसभा के लिए छह चरणों में मतदान संपन्न हो चुका है और सात मार्च को नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। योगी ने कहा, ‘‘प्रदेश में छह चरणों के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हुए हैं, ये प्रदेश सरकार द्वारा बनाये गये कानून के राज का एक उदाहरण है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि 2014 से पहले क्षेत्रीय दलों ने जाति, मत, मजहब के आधार पर प्रदेश को विभाजित किया था, जिसका नतीजा हुआ कि मूल समस्याओं पर जो ध्यान होना चाहिए था, उस पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि प्रधानमंत्री जी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ काम किया, जिसका परिणाम आपने बीते वर्षों में देखा होगा।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।