होम UP Monsoon Session 2026: विधानसभा सत्र से पहले CM योगी की सर्वदलीय बैठक, विपक्ष से की स्वस्थ चर्चा और सहयोग की अपील
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार (3 अगस्त) से शुरू होने जा रहा है। सत्र से पहले रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लिया।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार (3 अगस्त) से शुरू होने जा रहा है। सत्र से पहले रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी जनप्रतिनिधियों से जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सदन में उठाने और स्वस्थ चर्चा के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति देने की अपील की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सदन सबसे महत्वपूर्ण मंच है, जहां जनता से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सभी दलों से विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित कराने में सहयोग देने का आग्रह भी किया।
मानसून सत्र के दौरान योगी सरकार 4 अगस्त को अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसी को लेकर सत्र के संचालन और सदन की कार्यवाही को लेकर सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आम जनता की समस्याओं और प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता के साथ सदन में रखें और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करें।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बहस और सार्थक चर्चा लोकतंत्र की मजबूती का आधार हैं तथा सभी सदस्यों को गरिमा बनाए रखते हुए अपनी बात प्रभावी ढंग से रखनी चाहिए।
सतीश महाना ने बताया कि इस बार मानसून सत्र कई मायनों में विशेष होगा क्योंकि उत्तर प्रदेश विधानसभा में पहली बार 'वंदे मातरम्' का पूरा गीत गाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के बाद यह पहला विधानसभा सत्र होगा, जिसमें संपूर्ण वंदे मातरम् का गायन होगा।
उन्होंने कहा कि सहमति और असहमति लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन सदन में ऐसा कोई व्यवहार नहीं होना चाहिए जिससे जनता के बीच गलत संदेश जाए।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है और परंपरा के अनुसार इससे पहले सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि सत्र अपेक्षाकृत छोटा है, इसलिए सभी सदस्य सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करें।
सर्वदलीय बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के नेता रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया', निषाद पार्टी के रमेश सिंह, अपना दल (एस) के आर.के. पटेल तथा राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।