होम रूस ने यूक्रेन पर किया हमला, पुतिन ने अमेरिका-नाटो को चेताया
रूस ने यूक्रेन पर किया हमला, पुतिन ने अमेरिका-नाटो को चेताया
रूसी सैनिकों ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर व्यापक स्तर पर हमला किया।अपने इस अभियान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज करते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के ‘‘ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे। कीव(यूक्रेन की राजधानी), खार्कीव, ओडेसा और यूक्रेन के अन्य शहरों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। यूक्रेन के सीमा रक्षकों द्वारा इस संबंध में तस्वीरें एवं वीडियो जारी किए गए और कहा गया कि रूसी सैन्य वाहन क्रीमिया से यूक्रेन में दाखिल हुए।वहीं, रूसी सेना ने दावा किया है कि उसने कुछ ही घंटे में यूक्रेन की पूरी वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया। यूक्रेन के लोगों को कुछ शहरों को छोड़ कर जाते देखा गया और यूरोपीय प्राधिकार ने यूक्रेन के वायु क्षेत्र को एक सक्रिय संघर्ष क्षेत्र घोषित कर दिया है। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि रूस के हमले के बाद उनके देश ने मास्को के साथ राजनयिक संबंध तोड़ लिए हैं। वहीं, उनके सलाहकार ने कहा किरूसी हमले में अब तक लगभग 40 लोग मारे गए हैं। दुनिया के कई देशों के नेताओं ने रूसी आक्रमण की निंदा की, जिससे बड़ी संख्या में जानमाल का नुकसान हो सकता है और यह (हमला) यूक्रेन की निर्वाचित सरकार को अपदस्थ कर सकता है। रूसी सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बीच एशियाई शेयर बाजार में गिरावट देखी गई और तेल की कीमतों में वृद्धि देखी गई। यूक्रेन संकट के समधान के लिये कई सप्ताह तक चले कूटनीतिक प्रयासों के विफल होने के बाद अमेरिका से लेकर एशिया और यूरोप के देश मास्को पर नये प्रतिबंधों की तैयारी में है।
हालांकि, वैश्विक ताकतों का कहना है कि वे यूक्रेन के बचाव में सैन्य हस्तक्षेप नहीं करेंगे। वहीं, रूस के सैन्य हमले शुरू करने पर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने देश में ‘मार्शल लॉ’ की घोषणा की और नागरिकों से नहीं घबराने को कहा।उन्होंने कहा कि रूस ने यूक्रेन के सैन्य आधारभूत ढांचे को निशाना बनाया है और देशभर में धमाके सुने गए हैं। जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से बात की है और अमेरिका, यूक्रेन के लिये अंतररष्ट्रीय समर्थन जुटा रहा है। यूक्रेन के प्रशासन ने उनके देश को वायु हमले एवं गोला बारूद से निशाना बनाये जाने की बात कही है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि नये प्रतिबंध रूस को उसके आक्रमण के लिये दंडित करने के लिए हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस हमले की कई सप्ताह से आशंका थी, लेकिन कूटनीति के माध्यम से इसे रोका नहीं जा सका। इससे पहले, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने टेलीविजन पर अपने संबोधन में इस कार्रवाई को जायज ठहराया। पुतिन ने कहा कि यह हमला पूर्वी यूक्रेन में नागरिकों की सुरक्षा के लिये जरूरी था। पुतिन ने अमेरिका और उसके सहयोगियों पर यूक्रेन को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में शामिल करने से रोकने तथा मास्को को सुरक्षा गारंटी देने की रूस की मांग को नजरंदाज करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन द्वारा पेश किए जा रहे खतरों के जवाब में यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि रूस का लक्ष्य यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है, बल्कि क्षेत्र को सैन्य प्रभाव से मुक्त बनाना एवं अपराध करने वालों को न्याय के दायरे में लाना है। पुतिन ने अन्य देशों को आगाह किया कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास ‘‘के ऐसे परिणाम होंगे,जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखे होंगे।’’ रूस की ओर से सबसे पहला हमला वायु क्षेत्र से किया गया, हालांकि यूक्रेन के सीमा रक्षकों द्वारा बाद में सुरक्षा कैमरों से बनाई गई वीडियो क्लिप जारी की गई, जिसमें रूस द्वारा अधिग्रहित क्रीमिया से रूसी सैन्य वाहनों को यूक्रेन में प्रवेश करते देखा गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा कि रूसी सेना यूक्रेन के इलाके में खार्कीव और चेर्निहिव क्षेत्र एवं संभवत: कुछ अन्य क्षेत्रों में पांच किलोमीटर अंदर तक घुस गई है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक लिखित बयान में कहा, ‘‘ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक पूर्व नियोजित युद्ध का विकल्प चुना है, जिसका लोगों के जीवन पर विनाशकारी प्रभाव होगा।
इस हमले में लोगों की मौत और तबाही के लिए केवल रूस जिम्मेदार होगा।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी एवं साझेदार एकजुट होकर एवं निर्णायक तरीके से इसका जवाब देंगे। दुनिया रूस की जवाबदेही तय करेगी।’’ बाइडन ने कहा कि सात नेताओं के समूह की बैठक के बाद बृहस्पतिवार को अमेरिकियों से संवाद करने की उनकी योजना है। बृहस्पतिवार को रूस के खिलाफ और प्रतिबंधों की घोषणा की जा सकती है। इस बीच, यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने इस कार्रवाई को यूक्रेन पर पूरी ताकत से हमला और अतिक्रमणकारी युद्ध करार दिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपनी रक्षा करेगा और जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया को पुतिन को रोकना चाहिए और वह रोक सकती है।
यह समय काम करने का है। ’’ यूक्रेन की राजधानी कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने निवासियों को महत्वपूर्ण कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उन्हें घर खाली करने की आवश्यकता हो तो आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना सामान तैयार रखें। इस घटनाक्रम के बीच रूसी सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन के वायु सेना अड्डे एवं अन्य सैन्य अड्डे को निशाना बनाया है। इस बीच, रूस द्वारा यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट करने और यूक्रेन द्वारा रूस के कई विमानों को मार गिराने के दावे की तत्काल पुष्टि नहीं की जा सकी है। यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली पुरानी है और यह सोवियत संघ के समय की है तथा वह रूस के व्यापक वायु शक्ति के सामने नहीं टिकती है। रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि सेना ने घातक हथियारों का इस्तेमाल यूक्रेन के वायुसेना अड्डे, वायु रक्षा परिसम्पत्तियों एवं अन्य सैन्य आधारभूत ढांचे को निशाना बनाने के लिये किया है। उसने दावा किया कि नागरिक आबादी को कोई खतरा नहीं है। इस बीच, एसोसिएट प्रेस के फोटोग्राफर ने मुरीपोल से रिपोर्ट किया कि वहां धमाके सुने गए और लोगों को अपने कुछ सामान के साथ कारों में शहर छोड़ते देखा गया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।