होम दिल्ली में रविदास जयंती पर रहेगी छुट्टी, रविदास विश्राम धाम जाएंगे पीएम मोदी, राहुल-चन्नी का बनारस दौरा
दिल्ली में रविदास जयंती पर रहेगी छुट्टी, रविदास विश्राम धाम जाएंगे पीएम मोदी, राहुल-चन्नी का बनारस दौरा
पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के बीच बुधवार को संत रविदास जयंती मनाया जाएगा। रविदास जयंती पर दिल्ली में सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। दिल्ली सरकार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक गुरु रविदास के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली सरकार ने 16 फरवरी को सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित किया है। इस बारे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट किया। केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा कि सन्त श्री गुरु रविदास जी महाराज जी की जयंती के अवसर पर दिल्ली सरकार ने बुधवार 16 फ़रवरी को सरकारी छुट्टी का एलान किया है। महाराज जी के चरणों में मेरा कोटि कोटि नमन।दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविदास जयंती के अवसर पर दिल्ली के करोल बाग में श्री गुरु रविदास विश्राम धाम मंदिर जाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने संत रविदास को याद करते हुए कहा कि महान संत गुरु रविदास जी की कल जन्म-जयंती है। उन्होंने जिस प्रकार से अपना जीवन समाज से जात-पात और छुआछूत जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए समर्पित कर दिया, वो आज भी हम सबके लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मुझे संत रविदास जी की पवित्र स्थली को लेकर कुछ बातें याद आ रही हैं। साल 2016 और 2019 में मुझे यहां मत्था टेकने और लंगर छकने का सौभाग्य मिला था। एक सांसद होने के नाते मैंने ये तय कर लिया था कि इस तीर्थस्थल के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।दूसरी ओर खबर यह भी है कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाराणसी का दौरा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से इसे पंजाब के दलितों को साधने की कोशिश की जा सकती है। पंजाब के लोग बड़ी संख्या में रविदास जयंती के अवसर पर बनारस जाते हैं। संत रविदास की जन्म स्थली वाराणसी है। इसी को देखते हुए चुनाव आयोग से सभी दलों ने पंजाब चुनाव की तारीखों को आगे बढ़ने के बढ़ाने का आग्रह किया था जिसे स्वीकार कर लिया गया था।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।