होम बिहार चुनाव में रामगढ़ सीट की जीत से मायावती उत्साहित, हराने की साजिश हुई नाकाम, बोलीं- अगर चुनाव निष्पक्ष होता तो सीटें और ज्यादा होतीं
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) को कैमूर जनपद की रामगढ़ विधानसभा सीट (संख्या 203) से एक मात्र सीट मिली है, जिसको लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती बेहद उत्साहित हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) को कैमूर जनपद की रामगढ़ विधानसभा सीट (संख्या 203) से एक मात्र सीट मिली है, जिसको लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने इस जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ-साथ उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव को बधाई दी और आभार प्रकट किया है। इस जीत के बावजूद, उन्होंने वोटों की गिनती बार-बार करवाने पर स्थानीय प्रशासन और विरोधी पार्टियों की आलोचना की है।
मायावती ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा:
"बिहार विधानसभा के अभी हाल ही में सम्पन्न हुये आमचुनाव में कैमूर ज़िले की रामगढ़ विधानसभा सीट (संख्या 203) पर बी.एस.पी. के उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव को जीत दिलाने के लिये पार्टी के सभी लोगों को बधाई तथा उनका पूरे तहेदिल से आभार प्रकट।"
उन्होंने आरोप लगाया कि:
"हालाँकि वोटों की गिनती बार-बार कराने के बहाने से वहाँ के प्रशासन व एकजुट होकर सभी विरोधी पार्टियों द्व़ारा बी.एस.पी. उम्मीदवार को हराने का पूरा-पूरा प्रयास किया गया, किन्तु पार्टी के बहादुर कार्यकर्ताओं का पूरे समय तक डटे रहने से विरोधियों का यह षडयंत्र सफल नहीं हो सका।"
बसपा सुप्रीमो ने यह भी दावा किया कि अगर चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष होता तो पार्टी की सीटें और ज्यादा होतीं। उन्होंने कहा:
"इतना ही नहीं बल्कि बिहार के इस क्षेत्र की अन्य सीटों पर भी विरोधियों को काँटे की टक्कर देने के बावजूद बी.एस.पी. उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत सके, जबकि फीडबैक के अनुसार अगर चुनाव पूरी तरह से फ्री एण्ड फेयर होता तो बी.एस.पी. और भी कई सीटें ज़रूर जीतती, लेकिन ऐसा नहीं हो सका, जिससे पार्टी के लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है बल्कि आगे और भी अधिक तैयारी के साथ काम करते रहने की ज़रूरत है।"
मायावती ने अंत में अपने ख़ून-पसीने और पूरी लगन से चुनाव लड़ने के लिए "बी.एस.पी. के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं एवं शुभचिन्तकों आदि का तहेदिल से आभार प्रकट" किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से "आगे बिहार में पूरे जी-जान से लगे रहने का आह्वान ताकि बिहार, परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर एवं मान्यवर कांशीराम जी के सपनों की, ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की धरती बन सके।"
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनावों की मतगणना 14 नवम्बर को हुई थी, जिसमें एनडीए को कुल 243 सीटों में से 202 सीटें मिली हैं, जबकि महागठबंधन को खासा निराशा हाथ लगी है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।