होम लखनऊ में 23-24 अक्टूबर को जुटेंगे 8 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारी, CM योगी करेंगे ‘साधना श्रृंखला-2026’ का उद्घाटन

प्रादेशिकीउत्तर-प्रदेश Alert Star Digital Team Oct 16, 2026 05:50 PM

लखनऊ में 23-24 अक्टूबर को जुटेंगे 8 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारी, CM योगी करेंगे ‘साधना श्रृंखला-2026’ का उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर प्रशासनिक सुधारों और सरकारी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है।

लखनऊ में 23-24 अक्टूबर को जुटेंगे 8 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारी, CM योगी करेंगे ‘साधना श्रृंखला-2026’ का उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर प्रशासनिक सुधारों और सरकारी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है। राजधानी लखनऊ में 23 और 24 अक्टूबर 2026 को क्षमता निर्माण आयोग (Capacity Building Commission-CBC) की दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला ‘साधना श्रृंखला-2026’ आयोजित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और दक्षता आधारित संस्थानों के रूप में विकसित करने की रणनीति तैयार करना है। यह पहल मिशन कर्मयोगी के तहत सरकारी अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक नागरिक-केंद्रित बनाने के प्रयासों का हिस्सा है।

8 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

उत्तर प्रदेश सरकार की मेजबानी में होने वाली इस कार्यशाला में उत्तरी क्षेत्र के आठ राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसमें बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड के प्रतिनिधियों के साथ उत्तर प्रदेश के अधिकारी भी शामिल होंगे। इसके अलावा चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकारी भी भाग लेंगे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रशिक्षण संस्थानों के प्रमुख, संकाय सदस्य, विषय विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी विचार-विमर्श करेंगे। हिमालयी क्षेत्रों से लेकर गंगा के मैदानी इलाकों और राजस्थान के मरुस्थलीय क्षेत्रों तक फैले राज्यों की भागीदारी से प्रशिक्षण की अलग-अलग जरूरतों, चुनौतियों और नवाचारों पर चर्चा की जाएगी।

चार प्रमुख क्षेत्रों में सुधार पर होगा मंथन

‘साधना श्रृंखला-2026’ में संस्थागत शासन एवं नेतृत्व, प्रशिक्षण संस्थानों की कार्यक्षमता और आपसी सहयोग, संकाय एवं संस्थागत दक्षताओं तथा डिजिटल परिवर्तन जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रशिक्षण व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यशाला के दौरान प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को अपनी जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार सुधार के क्षेत्रों की पहचान करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, सुधारों को लागू करने के लिए व्यावहारिक रोडमैप तैयार करने में भी मदद मिलेगी। इसका लक्ष्य प्रशिक्षण संस्थानों को सरकारी अधिकारियों की वास्तविक कार्यगत जरूरतों के अनुरूप अधिक प्रभावी बनाना है।

700 से अधिक प्रशिक्षण संस्थानों को जोड़ेगा UNNATI पोर्टल

प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘यूनिफाइड न्यू-एज नेशनल ट्रेनिंग इनिशिएटिव्स’ (UNNATI) पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा। साधना सप्ताह-2026 के दौरान शुरू किया गया यह पोर्टल 700 से अधिक प्रशिक्षण संस्थानों को एक साझा मंच पर जोड़ता है।

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षण से जुड़े संसाधनों को साझा करने, संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने और आंकड़ों के आधार पर कार्यक्षमता में सुधार करने में मदद मिलेगी। इससे प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने और अधिकारियों के कौशल को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

राष्ट्रीय प्रशिक्षण सुधार ढांचे को मिलेगी नई दिशा

‘साधना श्रृंखला-2026’ चार क्षेत्रीय कार्यशालाओं की श्रृंखला है। इसकी शुरुआत 29 और 30 सितंबर को विजयवाड़ा में हुई थी, जबकि पूर्वोत्तर क्षेत्र की कार्यशाला 9 अक्टूबर को गुवाहाटी में आयोजित की गई।

लखनऊ में होने वाली कार्यशाला के निष्कर्षों को अन्य क्षेत्रीय कार्यशालाओं से प्राप्त परिणामों के साथ मिलाकर प्रशिक्षण संस्थान परिवर्तन ढांचा (Training Institute Transformation Framework) तैयार करने में शामिल किया जाएगा। इस प्रक्रिया के जरिए देशभर के सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों में सुधार, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और क्षमता निर्माण को लेकर एक साझा दिशा विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)