होम बर्थडे के बहाने विपक्ष की जुटान, सस्पेंस में तीन का नाम 2024 के लिए क्या संकेत
बर्थडे के बहाने विपक्ष की जुटान, सस्पेंस में तीन का नाम 2024 के लिए क्या संकेत
अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले विपक्षी एकता को लेकर कई बैठकें हो रही हैं। ताजा बैठक तमिलनाडु में होने जा रही है। विपक्षी एकता का अगला बड़ा प्रदर्शन 1 मार्च को तमिलनाडु के सत्तारूढ़ डीएमके द्वारा प्रायोजित किया जाएगा।
इस दिन मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का 70वां जन्मदिन है। डीएमके चेन्नई में एक विशाल जनसभा की योजना बना रही है। जहां इस बैठक में कई बड़े विपक्षी नेता होंते तो वहीं कुछ ऐसे नेता भी हैं जिन्हें शायद निमंत्रण नहीं मिला है।
ये विपक्षी नेता नहीं होंगे शामिल
एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आमंत्रित नहीं किया गया है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख राष्ट्रपति पद के चुनाव के बाद से ही लो-प्रोफाइल रही हैं और संसद के भीतर भी विपक्षी मोर्चे को केवल मुद्दों पर आधारित समर्थन देती रही हैं। खबर के मुताबिक, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और उनके दिल्ली के समकक्ष अरविंद केजरीवाल को भी "आपसी समझ" से आमंत्रित नहीं किया गया है। क्योंकि समारोह में कांग्रेस मौजूद रहेगी।
कांग्रेस का प्रतिनिधित्व मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। ऐसे में केजरीवाल और केसीआर की अनुपस्थिति के अपने राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे क्योंकि उनका जन्मदिन भी उसी दिन पड़ता है। महाराष्ट्र में कांग्रेस के सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस प्रमुख शरद पवार ने खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया है।
तेलंगाना में हुआ था विपक्षी एकता का प्रदर्शन
इसमें शामिल होने वाले अन्य लोगों में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी, तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल, भाकपा और माकपा, और उमर अब्दुल्ला की नेशनल कांफ्रेंस शामिल हैं। बैठक में अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और फारूक अब्दुल्ला होंगे। राष्ट्रीय चुनावों से ठीक एक साल पहले, विपक्षी एकता का आखिरी बड़ा प्रदर्शन पिछले महीने तेलंगाना में हुआ था।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी लॉन्ट करने के बाद अपनी पार्टी की पहली बैठक के साथ एक गैर-कांग्रेसी विपक्षी मोर्चा बनाने की दिशा में पहला कदम उठाया था। हैदराबाद के खम्मम शहर में केसीआर की पार्टी भारत राष्ट्र समिति की बैठक में आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केरल के मुख्यमंत्री, सीपीएम के पिनाराई विजयन, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और सीपीआई के डी राजा ने भाग लिया था।
विपक्षी दलों से बात जारी है: खड़गे
2024 के लोकसभा चुनावों के संदर्भ में विपक्षी एकता की नए सिरे से बात हो रही है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी अन्य दलों के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन अगले साल केंद्र की सत्ता में आएगा। उनका यह बयान रायपुर में कांग्रेस की अहम बैठक से कुछ दिन पहले आया है। इस बैठक में पार्टी द्वारा विपक्षी एकता के प्रति अपना दृष्टिकोण बताए जाने की संभावना है। नगालैंड के चुमुकेदिमा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने बीजेपी पर कर्नाटक, मणिपुर, गोवा और मध्य प्रदेश में विधायकों पर दबाव बनाकर चुनी हुई सरकारों को गिराने का आरोप लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार अगले साल सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा, “2024 में, गठबंधन सरकार केंद्र में (सत्ता में) आएगी। कांग्रेस नेतृत्व करेगी। हम अन्य पार्टियों से बात कर रहे हैं। क्योंकि नहीं तो लोकतंत्र और संविधान चला जाएगा। इसलिए हम हर पार्टी को समय-समय पर फोन कर रहे हैं, बात कर रहे हैं, 2024 कैसे जीतें इस पर अपने विचार साझा कर रहे हैं। बीजेपी को बहुमत नहीं मिलेगा। हम संविधान का पालन करेंगे। हम लोकतंत्र का पालन करेंगे।”
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।