होम भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को पार्टी नेताओं ने टिकट मांगो यात्रा में परिवर्तित कर दिया है
भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को पार्टी नेताओं ने टिकट मांगो यात्रा में परिवर्तित कर दिया है
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की घोषणा कभी भी संभव है, जिसके मद्देनजर पिछले कुछ समय से राज्य में सभी राजनीतिक दलों की सरगर्मियां तेज हो गयी हैं, चुनावों में जीत हासिल करने के लिए कोई भी राजनीतिक दल अपनी तरफ से किसी प्रकार की कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता है। सत्तारुढ़ भाजपा भी उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर दोबारा सरकार बनाने के उद्देश्य से धरातल पर अपनी तैयारी तेजी से युद्ध स्तर पर कर रही है। जिसके तहत भाजपा संगठन विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता के बीच जाकर अपनी पैठ मजबूत करने में रात-दिन एक करके जुटा हुआ है। हाल ही में उत्तर प्रदेश में चल रही 'जन विश्वास यात्रा' भी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की उस चुनावी रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। हालांकि प्रदेश में इस यात्रा का मुख्य मकसद जनता के बीच जाकर जनता से आशीर्वाद लेने का है, लेकिन कुछ अति उत्साही भाजपा नेताओं की कृपा से यह यात्रा 'टिकट मांगो यात्रा' में तब्दील होती जा रही है।उत्तर प्रदेश में धरातल पर बन रहे राजनीतिक हालातों को देखकर लगता है कि कहीं ना कहीं भाजपा के चुनावी रणनीतिकारों को यह उम्मीद है कि 'जन विश्वास यात्रा' से वह राज्य में कुछ लोगों का खोया हुआ विश्वास फिर से प्राप्त करने में कामयाब हो जायेंगे और यह यात्रा कुछ नये लोगों को भी भाजपा से जुड़ने के लिए आकर्षित करने का कार्य करेगी, जो कटु सत्य भी है। इस यात्रा के दौरान भाजपा राज्य में अपने विशाल संगठन का उपयोग करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार के द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनहित व देशहित की योजनाओं का प्रचार-प्रसार आम लोगों के बीच करते हुए अधिक से अधिक लोगों को बेहद कम समय में पार्टी से जोड़ने का कार्य सफलतापूर्वक कर सकती है। हालांकि कहीं ना कहीं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को यह उम्मीद है कि वह इस 'जन विश्वास यात्रा' के माध्यम से सरकार के प्रति आम लोगों की विभिन्न मसलों पर व्याप्त नाराजगी को आसानी से दूर करने का कार्य भी आसानी से कर सकेंगे।
सूत्रों के अनुसार भाजपा के दिग्गज चुनावी रणनीतिकारों को लगता है कि वह यात्रा के माध्यम से अपनी बात आम लोगों के सामने आसानी से रखकर विपक्षी दलों के द्वारा चलाये जा रहे कोरोना, महंगाई, बेरोजगारी आदि जैसे विभिन्न ज्वंलत मुद्दों पर दुष्प्रचार पूर्ण अभियान को रोक कर आम जनमानस को भाजपा के विरोध में बरगलाने के विपक्षी दलों के उद्देश्य पर लगाम लगा सकते हैं, विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन के चलते उत्पन्न आम लोगों के विरोध को यात्रा के माध्यम से भाजपा संगठन पूर्ण रूप से शांत करके, आगामी विधानसभा चुनावों में अधिक से अधिक सीट जीतने के लिए धरातल पर ठोस जमीन तैयार करने में बड़ी सकारात्मक भूमिका निभा सकता हैं। हालांकि यह तो आने वाला समय ही तय करेगा कि भाजपा नेतृत्व की यह रणनीति धरातल पर कारगर साबित होगी या नहीं, लेकिन उनके लिए फिलहाल अच्छा संकेत यह है कि 'जन विश्वास यात्रा' के रोड शो व सभी जन सभाओं में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भारी भरकम भीड़ बड़ी संख्या में उमड़ रही है, यह यात्रा के मूल मकसद को कामयाबी दिलाने के लिए एक बहुत अच्छा संकेत है, हालांकि दूसरी तरफ इस यात्रा को भाजपा के ही कुछ अति उत्साही राजनेता 'टिकट मांगो यात्रा' बनाकर इसका असली मकसद हासिल करने में बाधक बनने का प्रयास कर रहे हैं, पार्टी आलाकमान को ऐसे उत्साही नेताओं को समय रहते समझना होगा।
लेकिन 'जन विश्वास यात्रा' के दौरान धरातल पर बनने वाली स्थिति का निष्पक्ष रूप से आकलन करें तो लगता है कि पार्टी की यह यात्रा जनता से आशीर्वाद लेने का कार्यक्रम ना होकर, आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने का सपना संजोए नेताओं के लिए शीर्ष नेतृत्व को अपने समर्थकों के माध्यम से दमखम का सार्वजनिक रूप से शक्ति प्रदर्शन करके उनसे टिकट मांगने का एक महत्वपूर्ण अवसर मात्र है, यह यात्रा टिकट मांगने वाले कुछ नेताओं के लिए वरिष्ठ राजनेताओं के आशीर्वाद से उन्हें आसानी से अपनी बात पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का भरपूर अवसर उपलब्ध करवाने का माध्यम बन रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।