होम मनीष सिसोदिया ने लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई का दिया निर्देश
मनीष सिसोदिया ने लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई का दिया निर्देश
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने निर्माण श्रमिकों का पंजीयन युद्धस्तर पर कराने का अभियान तेज कर दिया है। सिसोदिया ने मंगलवार सुबह पुष्प विहार स्थित जिला श्रम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिली विभिन्न खामियों पर नाराजगी जताते हुए सिसोदिया ने कहा कि पिछले दिनों दिए गए कई निर्देशों का अनुपालन नहीं होना बेहद गंभीर बात है। दिल्ली सरकार हमारे श्रमिकों के कल्याण में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं करेगी। सिसोदिया ने अधिकारियों से कहा कि पंजीयन की ऐसी व्यवस्था बनाएं, जिससे किसी गरीब मजदूर को न पैसा देना पड़े, न धक्के खाने पड़े।
सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में दस लाख निर्माण मजदूर होने का अनुमान है और इनमें से हरेक का पंजीयन करके सबको कल्याणकारी योजना का लाभ दिलाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए बोर्ड के अधिकारियों के अलावा श्रम विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों की भी मदद ली जाएगी। औचक निरीक्षण के दौरान सिसोदिया ने कार्यालय में अनुपस्थित डिप्टी सेक्रेटरी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उपमुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को 24 घंटे में सभी मुद्दों को हल करने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि सिसोदिया ने गत सप्ताह श्रम विभाग का कार्यभार संभालने के साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक करके निर्माण श्रमिकों का पंजीयन एवं सत्यापन तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया था। आज पुष्प विहार स्थित दक्षिण जिला निर्माण बोर्ड श्रम कार्यालय के सरप्राइज इंस्पेक्शन के दौरान सिसोदिया ने इसमें विलंब के कारणों तथा कतारों में मौजूद श्रमिकों की परेशानियों को समझने का प्रयास किया। उनके साथ विभागीय सचिव एलिस वाज और निर्माण बोर्ड के सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। सिसोदिया ने आज सुबह 10.45 बजे पुष्प विहार केंद्र पहुंचकर कतारों में खड़े मजदूरों से बात की और इस पूरे काम की प्रक्रिया की जांच की।
मजदूरों ने बताया कि वे सुबह चार बजे ही आकर कतारों में लगे हैं। इनमें पंजीयन के लिए आवेदन, नवीनीकरण और दस्तावेजों के सत्यापन जैसे कार्यों के लिए आए मजदूर शामिल थे। सिसोदिया को यह भी जानकारी मिली कि मजदूरों को पंजीयन की प्रक्रिया की समुचित जानकारी नहीं होने के कारण दलालों और बिचौलियों का शिकार होना पड़ रहा है। विभिन्न गरीब बस्तियों में दलाल सक्रिय हैं जो पंजीयन और सत्यापन के नाम पर पैसे वसूल रहे हैं। सिसोदिया ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पंजीयन की प्रक्रिया को आसान करते हुए इसकी पूरी जानकारी होर्डिंग्स पर दी जाए। उन्होंने कहा कि जो भी दलाल पकड़ा जाए, उसके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।सिसोदिया ने कहा कि बिचैलियों की कोई भूमिका पाए जाने पर अधिकारियों की जिम्मेवारी तय की जाएगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।