होम मनरेगा जॉब कार्ड से बड़ा घोटाला, काम न करने वालों को हुआ भुगतान
मनरेगा जॉब कार्ड से बड़ा घोटाला, काम न करने वालों को हुआ भुगतान
सरकार द्वारा गरीबों को मनरेगा के तहत काम देकर रोजगार देने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किया जा रहा है। लेकिन कई अधिकारी, कर्मचारी व जनप्रतिनिधि के फर्जीवाड़े से यह पूरी प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में आ गई है। ताजा मामला सिटी ब्लाक के अर्जुनपुर पाठक, तरकापुर ग्रामीण और वीरपुर जैसे गांव का है जहां बिना काम किए ही जॉब कार्ड होल्डर के खाते में धनराशि पहुंच गई। इन जॉब कार्ड वालों ने बताया कि उन्होंने कोई काम नहीं किया लेकिन पैसे खाते में आए तो अंगूठा लगाकर प्रधान प्रतिनिधि ने सारे पैसे ले लिए। वीरपुर गांव में तो और भी बड़ा मामला आया क्योेंकि यहां के ग्राम प्रधान खुद मनरेगा के जाब कार्ड होल्डर हैं और उनके भी खाते में मनरेगा की मजदूरी ट्रांसफर हुई।
प्रधान को नहीं कोई जानकारी
अर्जुनपुर पाठक गांव की प्रधान कुसुम देवी हैं लेकिन जब उनसे यह पूछा गया कि मनरेगा के तहत कितना काम हुआ तो उन्होंने बताने से इंकार कर दिया और कहा कि वे कुछ भी नहीं जानतीं। उनके अनुसार वे सिर्फ अंगूठा लगाने का काम करती हैं बाकी काम तथाकथित प्रधान प्रतिनिधि अशोक शुक्ला करते हैं। इसका अंदाजा इसी से लग जाता है कि वास्तविक प्रधान तो झोपड़ी में रहती हैं लेकिन तथाकथित प्रधान की इमारत देखने लायक है। ग्राम प्रधान कुसुम देवी ने दावा किया कि बीत चार साल में वे एक बार ब्लाक पर गई थीं वह भी एमएलसी चुनाव में वोट डालने के लिए। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी उन्हें न पहचानता है और न ही आज तक कोई उनसे मिलने आया। सारा काम तथाकथित प्रधान द्वारा ही किया जाता है।
दस फीसदी मिलती है मनरेगा की मजदूरी
अर्जुनपुर पाठक गांव की रहने वाली गंगाजली ने बताया कि उन्होंने कभी मनरेगा के तहत काम नहीं किया है। उन्होंने स्वीकार किया कि काम न करने के बाद भी उनका जॉब कार्ड बना है, जिसे प्रधान प्रतिनिधि ने अपने पास रखा है। जब उनसे भुगतान के बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि करीब ढाई हजार रुपया आया था। प्रधान प्रतिनिधि ने अपने घर बुलाकर अंगूठा लगवाया और दो सौ रुपये देकर सारा पैसा निकाल लिया। गंगाजली ने बताया कि ऐसा पहले भी कई बार हो चुका है कि बिना काम किए खाते में पैसा आ गया और उन्होंने जाकर अंगूठा लगाया।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।