होम सोनिया के कहने पर राज्यसभा चुनाव में उतरेंगे पूर्व पीएम देवेगौड़ा, कल करेंगे पर्चा दाखिल
सोनिया के कहने पर राज्यसभा चुनाव में उतरेंगे पूर्व पीएम देवेगौड़ा, कल करेंगे पर्चा दाखिल
कर्नाटक की चार सीटों पर होने वाला राज्यसभा चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है। इस चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री व जदएस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा ने भी उतरने का फैसला किया है। वह मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को बेंगलुरु में अपना पर्चा भर दिया।
देवेगौड़ा को राज्यसभा के लिए तैयार करना काफी मुश्किल था- कुमारस्वामी
देवेगौड़ा के पुत्र व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कई राष्ट्रीय नेताओं और पार्टी के विधायकों के आग्रह के बाद यह फैसला किया है। उन्हें राज्यसभा में प्रवेश के लिए तैयार करना काफी मुश्किल था।
देवेगौड़ा लोगों के समर्थन से उच्च पद पर पहुंचे
कुमारस्वामी ने ट्वीट किया, 'देवेगौड़ा ने लोगों के समर्थन से हार और जीत देखी है। लोगों के समर्थन से ही वह उच्च पद पर पहुंचे। इसलिए उन्हें राज्यसभा के लिए तैयार करना आसान नहीं था।' देवेगौड़ा अगर जीतते हैं तो दूसरी बार राज्यसभा में प्रवेश करेंगे। पहली बार वह वर्ष 1996 में प्रधानमंत्री रहते हुए राज्यसभा पहुंचे थे। गत लोकसभा चुनाव में देवेगौड़ा तुमकुरु सीट से लड़े थे और भाजपा प्रत्याशी जीएस बासवराज से 13,000 मतों से हार गए थे।
कांग्रेस नेता खड़गे ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया
उधर, कांग्रेस नेता खड़गे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, नेता विपक्ष सिद्दरमैया और अन्य की उपस्थिति में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। जीत के बाद वह पहली बार राज्यसभा सदस्य बनेंगे। गत लोकसभा चुनाव में उन्हें गुलबर्ग से भाजपा प्रत्याशी उमेश जाधव ने 95,452 मतों से पराजित कर दिया था। इस दौरान शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और वह नहीं चाहती है कि भाजपा का तीसरा प्रत्याशी राज्यसभा चुनाव जीते।
चारों सीटों पर 19 जून को होगा चुनाव
गौरतलब है कि कर्नाटक में कांग्रेस के राजीव गौड़ा व बीके हरिप्रसाद, भाजपा के प्रभाकर कोरे तथा जदएस के डी. कुपेंद्र रेड्डी का कार्यकाल 25 जून को खत्म हो रहा है। इसके कारण खाली होने वाली चारों सीटों पर 19 जून को चुनाव होना है। एक सीट पर जीत के लिए न्यूनतम 44 मतों की जरूरत है। इस प्रकार 68 सदस्यों वाली कांग्रेस एक सीट आराम से जीत सकती है, जिसके लिए उसने खड़गे को उतारा है। इसी प्रकार विधानसभा अध्यक्ष समेत 117 सदस्यों वाली भाजपा दो सीटों पर सहज ही जीत दर्ज कर सकती है। माना जा रहा है कि भाजपा देवेगौड़ा के खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारेगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।