होम चुनाव आयोग की बड़ी कार्रवाई, बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा के चुनाव प्रचार पर लगाई रोक
चुनाव आयोग की बड़ी कार्रवाई, बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा के चुनाव प्रचार पर लगाई रोक
दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान अपने फाइनल दौर में हैं। 8 फरवरी को वोटिंग से पहले कोई भी पार्टी जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने का मौका गंवाना नहीं चाहती। इस बीच बीजेपी नेता और लोकसभा सांसद प्रवेश वर्मा पर चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। चुनाव आयोग ने प्रवेश वर्मा पर चुनाव प्रचार के लिये दूसरी बार प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 'आतंकवादी' बताने वाले बयान के मामले में चुनाव आयोग ने ये कार्रवाई की है। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में बीजेपी सांसद पर 24 घंटे के लिए चुनाव प्रचार बैन करने का फैसला लिया है।
पश्चिमी दिल्ली से बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा पर इस चुनाव में लगातार दूसरी बार प्रतिबंध लगाया गया है। इससे पहले नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में शाहीन बाग में चल रहे धरना-प्रदर्शन पर भी उन्होंने विवादित बयान दिया था। जिसको लेकर चुनाव आयोग ने उन पर 96 घंटे का प्रतिबंध लगाया था। इस बैन के हटने के बाद 29 जनवरी को दिल्ली में एक रैली में प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को लेकर विवादित टिप्पणी की। जिस पर आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से शिकायत की, जिसके बाद चुनाव आयोग ने प्रवेश वर्मा के प्रचार पर रोक लगा दी।
चुनाव आयोग की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि प्रवेश वर्मा के दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 'आतंकवादी' कहे जाने वाले बयान की जांच की गई है। हमनें जांच में पाया कि प्रवेश वर्मा ने ऐसा बयान देकर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। इसी के बाद उन पर 24 घंटे का प्रतिबंध लगाया गया। वहीं बुधवार को चुनाव आयोग के इस फैसले से कुछ घंटे पहले ही प्रवेश वर्मा ने एक बयान में कहा था कि मुझपर कोई बैन नहीं लगा है और यह बैन सिर्फ जनता ही लगा सकती है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।