होम कानपुरः निजी अस्पताल ने पैसे के लिए शव को बनाया बंधक
कानपुरः निजी अस्पताल ने पैसे के लिए शव को बनाया बंधक
उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कानपुर में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। कल्याणपुर के एक नर्सिंगहोम में बिल के रुपयों के लिए किशोर के शव को बंधक बना लिया गया। मंडलायुक्त के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। नर्सिंगहोम प्रशासन ने शव परिजनों के हवाले किया।
रसूलाबाद निवासी अमन के पिता सत्येन्द्र ने बताया कि खेत पर काम करने के दौरान सोलह वर्षीय अमन के पैर में चोट लगी थी। उसे इलाज के लिए 12 नवंबर को कल्याणपुर थानाक्षेत्र के नर्सिंगहोम में दिखाया। ओपीडी में डॉक्टर ने कहा कि सर्जरी होगी। 40 हजार रुपये में दवा के साथ इलाज हो जायेगा। पैकेज तय होते ही पैसा जमा करके अमन को भर्ती कराया। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ती गई। डाक्टरों ने उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया।
आरोप है कि अस्पताल ने दवा व इलाज के नाम पर दो लाख रुपये से अधिक वसूल लिया। 22 नवंबर को अमन की मृत्यु हो गयी। शव मांगने पर अस्पताल प्रशासन ने एक लाख का बिल थमा दिया। पैसा न होने की बात कहने पर शव देने से मना कर दिया। परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
पीड़ित परिवार ने सीएमओ और नोडल अधिकारियों को मामले की जानकारी देने के लिए कई बार फोन लगाया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। अस्पताल प्रशासन की मनमानी देख परिवार ने अपनी व्यथा मंडलायुक्त तक पहुंचाई। उनके हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। अस्पताल प्रशासन ने शव परिजनों के सुपुर्द किया। इसके बाद परिवार वाले शव लेकर चले गए।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।