होम ऑस्ट्रेलिया में नहीं रुक रहा मंदिरों पर हमला, 15 दिन में हुई तीसरी घटना
ऑस्ट्रेलिया में नहीं रुक रहा मंदिरों पर हमला, 15 दिन में हुई तीसरी घटना
ऑस्ट्रेलिया में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही। आज यानी सोमवार को यह तीसरा मौका है जब इस तरह का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में पखवाड़े भर के भीतर तीसरे मंदिर में तोड़फोड़ हुई है।
मेलबर्न के अल्बर्ट पार्क में इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) मंदिर के प्रबंधन ने आज सुबह इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की गई और दीवारों पर 'हिंदुस्तान मुर्दाबाद' के नारे लिखे गए हैं। माना जा रहा है कि इन घटनाओं के पीछे खालिस्तानी समर्थकों का हाथ है।
इस्कॉन मंदिर के कम्युनिकेशन डायरेक्टर भक्त दास ने कहा, 'हम इस घटना से हैरान और गुस्से में हैं। हमारे पूजा स्थल का अपमान किया गया है।' इस मामले को लेकर विक्टोरिया पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इससे कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
मंदिर पर लिखी गईं भारत-विरोधी बातें
इससे पहले 16 जनवरी को 'खालिस्तान समर्थकों' ने ऑस्ट्रेलिया में हिंदू मंदिर पर भारत-विरोधी बातें लिखी थीं और उसे नुकसान पहुंचाया था। विक्टोरिया प्रांत में सप्ताह भर के भीतर मंदिर को क्षति पहुंचाने की यह दूसरी घटना थी। कार्रुम डॉन्स में स्थित ऐतिहासिक श्री शिव विष्णु मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया। मंदिर को क्षति पहुंचाए जाने की यह बात उस वक्त सामने आई, जब तमिल हिंदू समुदाय के तीन दिन लंबे त्योहार 'थाई पोंगल' पर दर्शन के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे।
विदेश मंत्रालय ने उठाया था यह मामला
12 जनवरी को मेलबर्न स्थित स्वामीनारायण मंदिर पर भारत-विरोधी बातें लिखी गईं और असामाजिक तत्वों ने वहां पर तोड़फोड़ की थी। इन दोनों घटनाओं के बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया से इसकी जांच करने की अपील की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि इस मामले से ऑस्ट्रेलियाई सरकार को अवगत कराया गया है। बागची ने कहा, 'हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों में तोड़फोड़ की गई। हम इन घटनाओं की निंदा करते हैं। मेलबर्न स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस मामले को स्थानीय पुलिस के समक्ष भी उठाया है। हमने मामले की जांच जल्दी करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की अपील की है।'
लोग विक्टोरिया पुलिस पर उठा रहे सवाल
संसद के फेडरल मेंबर जोश बर्न्स ने कहा, 'अल्बर्ट पार्क में हरे कृष्ण मंदिर पर घृणित हमले के बारे में जानकर आज मैं स्तब्ध रह गया। हाल के हफ्तों में मेलबर्न में हिंदू पूजा स्थलों के खिलाफ बर्बरता की यह तीसरी घटना है।' वहीं, आईटी कंसल्टेंट और इस्कॉन मंदिर के भक्त शिवेश पांडे ने कहा, 'विक्टोरिया पुलिस पिछले 2 हफ्तों में उन लोगों के खिलाफ कोई निर्णायक कार्रवाई करने में विफल रही है, जो शांतिपूर्ण हिंदू समुदाय के खिलाफ अपना नफरत भरा एजेंडा चला रहे हैं।'
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।