होम प्रियंका गांधी पहुंचीं गोवा, लेकिन उससे पहले लगा कांग्रेस को बड़ा झटका
प्रियंका गांधी पहुंचीं गोवा, लेकिन उससे पहले लगा कांग्रेस को बड़ा झटका
गोवा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को गोवा पहुंची हैं, लेकिन उनके पहुंचने से पहले पार्टी को एक बार फिर झटका लगा है.
सूबे के पोरवोरिम विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं के एक समूह ने आज सुबह इस्तीफा दे दिया. इस्तीफा देने वाले नेताओं का कहना है कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए गंभीर नहीं है.
प्रियंका गांधी एक दिन के गोवा दौरे पर पहुंची हैं, जहां वो 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का काम करेंगी. इतना ही नहीं, टीएमसी जिस तरह से गोवा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को मिलाकर चुनावी मैदान में उतरी है. ऐसे में प्रियंका गांधी के सामने कांग्रेस में मची भगदड़ को भी रोकने की चुनौती है.
इस बीच दक्षिण गोवा के सीनियर नेता मोरेनो रेबेलो ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है. अपना इस्तीफा देते हुए रेबेलो ने लिखा है कि वह मौजूदा विधायक एलेक्सियो रेगिनाल्डो को एक बार फिर से टिकट दिए जाने से निराश हैं. कहा जा रहा है कि इस्तीफा देने वाले नेताओं का गुट निर्दलीय विधायक रोहन खौंटे को समर्थन कर रहा है.
मोरेनो रेबेले ने कहा कि वह पार्टी के खिलाफ काम करते रहे हैं और उसके बाद भी कर्टोरिम सीट से उन्हें टिकट दिए जाने से वह नाराज हैं. मौजूदा विधायक ने पिछले 4.5 साल में पार्टी के किसी आयोजन में हिस्सा नहीं लिया है और हमेशा पार्टी के नेताओं के खिलाफ बोलते रहे हैं. उन्होंने गोवा प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर को लिखे खत में यह बात कही है.
बता दें कि गोवा फॉरवर्ड पार्टी के साथ कांग्रेस का गठबंधन न हो पाने के बाद ये इस्तीफे हुए हैं. पिछले दिनों ही कांग्रेस के नेता रहे पूर्व सीएम लुईजिन्हो फलेरियो ने कई नेताओं के साथ टीएमसी का दामन थाम लिया था. इसके अलावा आम आदमी पार्टी भी लगातार ताल ठोक रही है. ऐसे में कांग्रेस के लिए गोवा में मुश्किल खड़ी हो गई है.
एक तरफ भाजपा संगठित नजर आ रही है तो वहीं कांग्रेस आपसी कलह से परेशान है. इसके अलावा कुछ अन्य पार्टियों की सक्रियता ने भी उसे परेशान किया है. खासकर टीएमसी जिस तरह से गोवा में ताल ठोक रही है, उससे कांग्रेस की चिंता बढ़ गई है.
गोवा के कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रभारी पी चिदंबरम ने बृहस्पतिवार को कहा कि जीएफपी ने केवल कांग्रेस को समर्थन दिया है और इस स्तर पर इसे गठबंधन मानने से इनकार कर दिया. वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिनेश गुंडू राव ने जीएफपी प्रमुख विजय सरदेसाई और चोडानकर के बीच शनिवार को बैठक का प्रस्ताव रखा है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।