होम Moradabad में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा! DDC के पेशकार को 50 हजार लेते ACB ने रंगे हाथ दबोचा
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डिप्टी डायरेक्टर ऑफ कंसालिडेशन (DDC) के पेशकार सुभाष चंद्र को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डिप्टी डायरेक्टर ऑफ कंसालिडेशन (DDC) के पेशकार सुभाष चंद्र को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार को DDC कार्यालय में की गई। आरोप है कि एक निगरानी (अपील) में बहस पूरी होने के करीब तीन महीने बाद भी आदेश लंबित था और उसे साइट पर अपलोड कराने के बदले पेशकार ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
एंटी करप्शन अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई अधिवक्ता ठाकुर ओमवीर सिंह की शिकायत के आधार पर की गई। ओमवीर सिंह मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र स्थित गणेशघाट गांव के रहने वाले हैं। उनके गांव में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है। इसी दौरान चकबंदी से संबंधित एक मामले में उन्होंने निगरानी दाखिल की थी। आरोप है कि इस मामले में आदेश कराने और उसे साइट पर अपलोड कराने के लिए पेशकार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता अधिवक्ता ठाकुर ओमवीर सिंह ने बताया कि उनकी निगरानी में बहस करीब तीन महीने पहले ही पूरी हो चुकी थी। इसके बावजूद मामले में आदेश जारी नहीं किया गया। उनका आरोप है कि पेशकार सुभाष चंद्र लगातार मामले को लेकर टालमटोल कर रहा था और रिश्वत दिए बिना संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को तैयार नहीं था।
लगातार हो रही देरी से परेशान होकर ओमवीर सिंह ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद ACB अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच की और आरोपों की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई।
पेशकार को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ACB की टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप ऑपरेशन किया। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने पेशकार सुभाष चंद्र को 50 हजार रुपये केमिकल लगे नोट दिए। जैसे ही पेशकार ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से मौके पर तैनात ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद की। इसके बाद आरोपी पेशकार को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी सुभाष चंद्र के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ACB की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सुभाष चंद्र मूल रूप से सहारनपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला हकीकत नगर का रहने वाला है। फिलहाल वह मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।
ACB की यह पूरी ट्रैप कार्रवाई इंस्पेक्टर मोहम्मद इश्तियाक के नेतृत्व में की गई। मामले में अब रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।