होम लता मंगेशकर, सुज़ैन खान, कीर्ति सुरेश समेत कई हस्तियों को हुआ कोरोना
लता मंगेशकर, सुज़ैन खान, कीर्ति सुरेश समेत कई हस्तियों को हुआ कोरोना
जानी-मानी गायिका लता मंगेशकर, इंटीरियर डिज़ाइनर सुज़ैन खान, अभिनेत्री कीर्ति सुरेश, नेहा पेंडसे और पूजा गौर समेत कई बॉलीवुड और टीवी हस्तियां मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गईं। मंगेशकर की रिश्तेदार रचना शाह ने पीटीआई-को बताया कि 92 वर्षीय गायिका को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में दो दिन पहले आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था। रचना शाह ने कहा, “उनमें कोविड के हल्के लक्षण हैं। उनकी उम्र को ध्यान में रखते हुए, चिकित्सकों ने सलाह दी है कि उन्हें निरंतर देखभाल की जरूरत है। इसलिए उन्हें आईसीयू वार्ड में रखा जाना चाहिए। हम कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहते। परिवार के तौर पर, हम सर्वश्रेष्ठ देखभाल चाहते हैं और सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनकी हर वक्त देखभाल हो।”
उन्होंने कहा, “वह ठीक हो जाएंगी, लेकिन उनकी उम्र के कारण कुछ समय लग सकता है। और, कोविड-19 ठीक होने में भी सात दिन लग ही जाते हैं।” खान (43) ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर अपने प्रशंसकों को बताया कि वह सोमवार की शाम कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गईं। उन्होंने लोगों से पूरी तरह सतर्कता बरतने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की। खान ने लिखा, ‘‘ कोविड-19 से दो साल तक बचने के बाद, 2022 में ओमीक्रोन स्वरूप ने मेरी प्रतिरक्षा प्रणाली में घुसपैठ कर ही ली। मैं कल रात संक्रमित पाई गई। कृपया सुरक्षित रहें और अपना अच्छे से ध्यान रखें। यह (कोरोना वायरस का ओमीक्रोन स्वरूप) काफी संक्रामक है। ”
खान अभिनेता रितिक रोशन की पूर्व पत्नी हैं। सुरेश ने कहा कि उनमें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। मराठी अभिनेत्री ने कहा कि तमाम एहतियात बरतने के बावजूद वह कोविड से संक्रमित हो गईं। उनतीस वर्षीय अभिनेत्री ने ‘इंस्टाग्राम’ पर कहा, “ जिस रफ्तार से वायरस फैल रहा है, वह डरावना है। कृपया कोविड के सुरक्षा उपायों का पालन करें और सुरक्षित रहें। मैं फिलहाल पृथक-वास में हूं और सुरक्षित देखभाल में हूं। जो संपर्क में आए हैं, वे कृपया जांच कराएं।” उन्होंने संक्रमण से गंभीर रूप से बीमार पड़ने से बचने के लिए लोगों से टीकाकरण कराने का आग्रह भी किया। टीवी धारावाहिक ‘भाबीजी घर पर हैं’ में अभिनय के लिए प्रसिद्ध पेंडसे ने कहा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद से ही घर पर पृथक-वास में हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।