होम Goa में Kejriwal का Alliance ऐलान, कांग्रेस का तंज- AAP अंग्रेजी मीडियम वाली BJP है
गोवा में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के साथ गठबंधन का ऐलान कर दिया है। दोनों दलों ने अपने गठबंधन को ‘गोवा फर्स्ट’ नाम दिया है।
गोवा में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के साथ गठबंधन का ऐलान कर दिया है। दोनों दलों ने अपने गठबंधन को ‘गोवा फर्स्ट’ नाम दिया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार 13 सितंबर को पणजी में गठबंधन की घोषणा की। इस ऐलान के बाद कांग्रेस ने AAP और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अरविंद केजरीवाल के बयान को शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी को बीजेपी से जोड़ दिया। उन्होंने कहा, ''मैंने पहले ही कहा है कि AAP, इंग्लिश-मीडियम वाली BJP है. खुद अरविंद केजरीवाल मान रहे हैं कि BJP और AAP में ज्यादा फर्क नहीं है. ईमानदारी के इस दुर्लभ प्रदर्शन की तारीफ करनी चाहिए.''
गठबंधन की घोषणा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी के वोट बैंक को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, ''बीजेपी का वोटर कभी कांग्रेस को वोट नहीं दे सकता. वे हमारे 'गोवा फर्स्ट' गठबंधन को वोट दे सकते हैं, लेकिन चाहे वे बीजेपी से कितने भी निराश या नाराज क्यों न हों, वे कभी कांग्रेस को वोट नहीं देंगे. वे कांग्रेस से नफरत करते हैं.''
केजरीवाल ने पणजी में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी बहुमत हासिल करने की स्थिति में नहीं होगी और गोवा की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा, ''आगामी चुनाव में बीजेपी बहुमत हासिल नहीं कर पाएगी. गोवा की जनता बदलाव चाहती है. ‘गोवा फर्स्ट’ सरकार बनाएगा. हम अपने दम पर जीतेंगे.’’ इस दौरान गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई भी मौजूद रहे।
केजरीवाल के बयान के बाद कांग्रेस ने इसे AAP और बीजेपी के बीच राजनीतिक समानता बताने का आधार बनाया। पवन खेड़ा ने इसी बयान के जरिए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसे ‘इंग्लिश-मीडियम वाली BJP’ बताया।
गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने गठबंधन को जरूरी बताते हुए कहा कि दोनों दलों का मुख्य उद्देश्य गोवा के हितों को प्राथमिकता देना है। उन्होंने कहा, ‘‘गठबंधन बनाना जरूरी था. हमने आप के साथ गठबंधन किया है, जिसमें गोवा के हितों को प्राथमिकता देना हमारा मुख्य उद्देश्य है.’’
सरदेसाई ने गठबंधन के भविष्य और दूसरी राजनीतिक ताकतों के लिए भी रास्ता खुला रखने का संकेत दिया। उन्होंने कहा, ‘‘इस गठबंधन ने दरवाजा बंद नहीं किया है. यह समान विचारधारा वाली राजनीतिक ताकतों के लिए खुला है. कई लोग हमसे संपर्क कर चुके हैं, जिनमें दोनों दलों के ऐसे नेता भी शामिल हैं जो अपनी पार्टी की राजनीति से ऊब चुके हैं.’’
विजय सरदेसाई गोवा की राजनीति में प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। वह मनोहर पर्रिकर और प्रमोद सावंत की सरकार में उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वह गोवा सरकार में कृषि तथा नगर एवं ग्राम नियोजन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
विजय सरदेसाई ने 25 जनवरी 2016 को गोवा फॉरवर्ड पार्टी की स्थापना की थी। अब आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनकी पार्टी और AAP के बीच हुआ यह गठबंधन गोवा की चुनावी राजनीति में नए समीकरण बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन के ऐलान के साथ ही राज्य में सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। एक तरफ AAP और GFP बीजेपी को बहुमत से रोककर सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस इस गठबंधन और केजरीवाल के बयान को लेकर AAP पर लगातार निशाना साध रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।