होम दिल्ली टेस्ट मैच के पहले मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ी
दिल्ली टेस्ट मैच के पहले मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उस्मान ख्वाजा (81 रन) और पीटर हैंड्सकोंब (नाबाद 72) के अर्धशतक के दम पर भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 263 रन बनाए, जोकि टीम का पिछले मैच से बेहतर प्रदर्शन है।
भारत के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सर्वाधिक चार विकेट झटके, जबकि स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। ऑस्ट्रेलिया के लिए ख्वाजा और हैंड्सकोंब के अलावा कप्तान पैट कमिंस ने 33 रन का योगदान दिया। वहीं भारत ने दिन के आखिर में कोई विकेट नहीं गिरने दिया और 21 रन बनाए। यहां हम आपको बताने जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की बड़ी बातों के बारे में।
पहले दिन भारत रहा हावी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम को सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 15 ओवर तक विकेट नहीं गिरने दिया, जिससे फैंस थोड़ा बैचेन दिखे, लेकिन 16वें ओवर में शमी ने वॉर्नर को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद ख्वाजा (81) और पीटर हैंड्सकॉम्ब (72) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया 263 के स्कोर तक पहुंचा।
ख्वाजा और हैंड्सकॉम्ब ने दिखाया लड़ने का जज्बा
उस्मान ख्वाजा और पीटर हैंड्सकॉम्ब के अलावा ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने ज्यादा देर तक टिक नहीं सका है। ख्वाजा ने 81 रन की पारी खेली और वह अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन रवींद्र जडेजा की गेंद को रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में कैचआउट होकर अपना विकेट गंवा बैठे। वहीं पीटर ने हैंड्सकॉम्ब ने अपनी जुझारू पारी में 142 गेंदों पर नौ चौकों के साथ नाबाद 72 रन बनाये। ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट 168 रन पर गिरने के बाद हैंड्सकॉम्ब ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर 95 बहुमूल्य रन जोड़े, जिसके दम पर ऑस्ट्रेलिया 263 रन तक पहुंच सका।
शमी का चौका
मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को अपनी सटीक लाइन और लेंथ से काफी परेशान किया। शमी ने भारत को दूसरे मैच में पहली सफलता दिलाई और ऑस्ट्रेलिया की पारी के आखिरी दो विकेट भी झटके। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड का भी विकेट चटकाया, जोकि काफी शानदार फॉर्म में हैं। शमी की खतरनाक गेंदबाजी के कारण ऑस्ट्रेलिया को स्पिनरों के खिलाफ भी रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था।
जडेजा और अश्विन की जोड़ी फिर चमकी
रविंद्र जडेजा और अश्विन की जोड़ी दूसरे मैच में भी ऑस्ट्रेलिया की टीम के दिमाग में घूम रही है। अश्विन ने पहले ही सेशन में स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन को पवेलियन भेजकर ऑस्ट्रेलिया को डबल झटके दिए। इन दोनों स्टार बल्लेबाजों के सस्ते में आउट होने से ऑस्ट्रेलिया पर फिर से कम स्कोर पर आउट होने का खतरा मंडराने लगा था। अश्विन और जडेजा ने पहली पारी में कुल 6 विकेट चटकाए। दोनों ने 3-3 विकेट लिए। अश्विन और जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया की पारी के दौरान एक ही ओवर में दो-दो विकेट भी चटकाए।
भारत की सधी शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया क 263 रनों पर ऑलआउट करने के बाद भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती ये थी कि कम रोशनी के अंदर अपना विकेट गंवाए बिना दिन खत्म करना। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने ये करके भी दिखाया और पहले दिन का खेल खत्म होने से पूर्व भारत बिना कोई विकेट गंवाये 21 रन बनाने में सफल रहा, हालांकि वह अब भी 242 रन से पीछे है। कप्तान रोहित शर्मा 13 रन बनाकर जबकि उपकप्तान केएल राहुल चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।