होम Assam School Entry पर नई पाबंदी, CJP नेता आशुतोष रांका का CM हिमंत पर हमला- क्या डर गए?
सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। रांका असम में स्कूलों की स्थिति और SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान चला रहे हैं।
सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। रांका असम में स्कूलों की स्थिति और SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान चला रहे हैं। गुवाहाटी में सीजेपी की बैठक से पहले पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद से ही वह लगातार मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते रहे हैं। अब उन्होंने असम के स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर जारी नई गाइडलाइन पर सरकार को घेरा है।
आशुतोष रांका ने असम के शिक्षा विभाग की ओर से जारी नई गाइडलाइन को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- हिमंत और उनकी टीम इंस्टाग्राम पर अपने स्कूलों के बारे में रील्स बनाने में व्यस्त हैं, जबकि साथ ही स्कूलों में एंट्री पर रोक भी लगा रहे हैं. अगर असम के स्कूल इतने ही अच्छे हैं, तो स्कूलों में एंट्री पर रोक क्यों लगाई जा रही है? क्या डर गए?
असम शिक्षा विभाग की नई गाइडलाइन के तहत स्कूलों को सुबह की प्रार्थना शुरू होने से पहले अपने मुख्य गेट बंद करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा स्कूल परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश को भी नियंत्रित किया जाएगा। किसी बाहरी व्यक्ति को स्कूल कैंपस में प्रवेश करने से पहले पूर्व अनुमति लेनी होगी।
नई व्यवस्था के तहत स्कूलों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि कक्षाएं या स्कूल की अन्य गतिविधियां चलने के दौरान बिना अनुमति परिसर के अंदर तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड न किए जाएं। विभाग के मुताबिक, इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य छात्रों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना है।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों को परिसर में किसी भी अवांछित या अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है। साथ ही पढ़ाई के लिए बेहतर और व्यवस्थित माहौल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। ये नई गाइडलाइन 1 अक्टूबर से लागू होंगी।
गुवाहाटी में सीजेपी की बैठक से पहले असम पुलिस ने आशुतोष रांका को हिरासत में लिया था। रिहाई के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।
उन्होंने कहा था, असम पुलिस ने मुझे और मेरी टीम को अवैध तरीके से हिरासत में लिया. हमने पुलिस से पूछा कि हमें किस आधार पर हिरासत में लिया गया है, लेकिन पुलिस ने कहा कि उसे इसकी जानकारी नहीं है और उसे ऊपर से आदेश मिले हैं.'
इसके बाद से आशुतोष रांका लगातार अलग-अलग मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और असम सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। अब स्कूलों में प्रवेश और फोटो-वीडियो बनाने को लेकर जारी नई गाइडलाइन उनके निशाने पर है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।